पूर्व सांसद डॉ. राजन सुशांत ने भाजपा में वापसी के लिए आवेदन कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह में निष्ठा जताते हुए उन्होंने पार्टी में शामिल करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं से निवेदन किया है। सुशांत ने बिना किसी शर्त पार्टी में शामिल होने की बात कही है।
पूर्व सांसद का कहना है कि उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों से परामर्श और उनके आग्रह पर भाजपा में शामिल होने के लिए निवेदन किया है। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद रह चुके डॉ. राजन सुशांत ने दावा किया है कि जल्द ही वह भाजपा में शामिल होकर घर वापसी करेंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुआ उन्होंने आने वाले समय में भाजपा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया है। बीते दो माह से सुशांत की घर वापसी को लेकर सक्रियता तेज हुई है।
सुशांत ने शिमला में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और प्रदेश महामंत्री पवन राणा से मुलाकात की थी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेमकुमार धूमल और सांसद शांता कुमार से भी मुलाकात कर सुशांत अपनी निष्ठाएं जता चुके हैं।