पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अभिनेता राज बब्बर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी ने लोकसभा चुनाव के दौरान जनता से कहा था कि सीमाओं की सुरक्षा के लिए 56 इंच के सीने की जरूरत है, जो उनके पास है। लेकिन अब तक सेना के जवानों पर कई हमले हो चुके हैं। वे चुप बैठे हैं। ऐसा लगता है कि मोदी का 56 इंच का सीना नहीं, बल्कि पेट हो गया है।
राज बब्बर शनिवार को नाहन में केंद्रीय भू अधिग्रहण बिल के विरोध में युवा कांग्रेस की पदयात्रा की अगुवाई करने के बाद उपायुक्त कार्यालय में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मोदी पर चुटकी ली कि वे प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि परिधान मंत्री बन गए हैं। वह एक दिन में छह-छह सूट बदलते हैं।