पॉटरहिल में पर्यावरण संरक्षण पर लगाई कार्यशाला
हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान संस्थान, वन विभाग, संजौली कॉलेज, कोटशोरा कॉलेज और बीड्स कॉलेज ने मनाया विश्व पर्यावरण दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान संस्थान ने पश्चिमी हिमालय समशीतोष्ण आर्बोरेटम, पॉटर हिल, समरहिल में विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यशाला लगाई। इस वर्ष का ‘थीम हमारी भूमि नारे के तहत भूमि बहाली’ मरुस्थलीकरण और सूखे पर केंद्रित है। कार्यशाला में वन विभाग के अधिकारी, कोटशेरा कॉलेज, बीड्स कॉलेज और संजौली कॉलेज के 90 छात्र मौजूद रहे। इतिहासकार एवं विख्यात लेखक राजा भसीन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यार्थियों में पोस्टर मेकिंग, नारा लेखन, क्विज और स्किट प्ले प्रतियोगिताएं कारवाई गईं।
कार्यशाला में मृदा के स्वास्थ्य में दिन प्रतिदिन रसायनों के कारण हो रहे नुकसान पर चिंता व्यक्त की गई। जैविक कृषि को अपनाने पर बल दिया गया। वनमंडल अधिकारी शाहनबाज ने जल और मृदा संरक्षण पर बल दिया। हिमालयन वन अनुसंधान संस्थान संस्थान वैज्ञानिक वनीत जिश्टु ने जलवायु परिवर्तन को कम करने के लिए हरित स्थान के महत्व के बारे में अवगत करवाया।
नारा लेखन में राजकीय महाविद्यालय संजौली की कनिका शर्मा पहले, पारुल ठाकुर दूसरे और अर्पिता वत्सयान ने तीसरा स्थान हासिल किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय संजौली की वैशाली शर्मा ने पहला, आयुषी जसरोटिया ने दूसरा और अर्पिता वत्सयान ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय संजौली पहले, राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय दूसरे और सेंट बिड्स कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। नाटक प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय पहले, सेंट बिड्स कॉलेज दूसरे और राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय तीसरे स्थान पर रहा।