लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए केंद्र से बजट लाने में पूरी तरह से नाकाम रहे। उनके सराज क्षेत्र में सड़कों की हालत बहुत अधिक खराब है। यहां की जनता सड़कें ठीक नहीं होने के चलते दिक्कतें झेल रही है और जयराम ठाकुर इन सड़कों को भी ठीक नहीं करवा पाए। यह बात विक्रमादित्य सिंह ने मंडी के परिधि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सड़कों और अन्य लंबित निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की ओर अनेक कदम उठाए हैं। सरकारी टेंडर अवार्ड करने की समय सीमा को साठ दिन से कम कर 20 दिन कर दिया गया है। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और भ्रष्टाचार को खत्म करने में भी मदद मिलेगी।
मंडी जिले में निर्माणाधीन सड़कोें और पुलोें के बारे में विस्तार से फीडबैक लेते हुए कहा कि लंबित कार्यों को रुकने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए सरकार उपयुक्त बजट का प्रावधान करेगी। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, सेंट्रल रोड फंड और नाबार्ड में निर्मित की जा रही सड़कों की प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग में रिक्तपदों को भरने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे और विभाग के विभिन्न मंडलों में आवश्यक मशीनरी उपलब्ध करवाने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को रिक्त पदों तथा मशीनरी की डिमांड के बारे में जिवस्तार से सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इस मौक पर मुख्य अभियंता एनपी सिंह चौहान, डीसी अरिंदम चौधरी, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, पूर्व मंत्री प्रकाश चौरी, चंपा ठाकुर मौजूद रहे।
विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें अधिकारी
लोक निर्माण विभाग मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों का नियमित तौर पर निरीक्षण भी करें। इस मौके पर संयुक्त कार्यालय भवन करसोग तथा नेरचौक के निर्माण कार्यों को लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही सलापड़-तत्तापानी मार्ग के निर्माण के लिए भी सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के लिए कहा गया है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके। सड़कों की मरम्मत के लिए आवश्यक फंड का प्रावधान किया जाएगा।