हरोली के कांगड़ गांव में गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। इसका शुभारंभ प्रो. राम कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि एफसीई ने कांगड़ में गेहूं खरीद का कार्य शुरू किया है। सरकार ने किसानों की लंबे समय से चल रही मांग को पूरा कर दिया है। अब जिला ऊना व हरोली के किसानों को गेहूं की फसल बेचने के लिए बाहरी राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। किसानों को पहले बाहरी राज्यों में जाकर फसल बेचने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दो दिन के अंदर उनके खातों में आ जाएगा।
जिला मंडी समिति के अध्यक्ष बलबीर बग्गा ने बताया कि गेहूं की खरीद का कार्य जिला ऊना के गांव टकारला व कांगड़ में किया जा रहा है। अगर किसानों को उनकी फसल बेचने संबंधी कोई दिक्कत आती है तो वह उनसे संपर्क कर सकते हैं। गेहूं खरीद केंद्र कांगड़ के प्रबंधक विकास काले ने बताया कि गेहूं की फसल का मूल्य 1975 प्रति क्विंटल है। फसल लाते समय किसान अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक व जमीन की फर्द सहित दस्तावेज लाएं। जिला मंडी समिति के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, हिमकैप्स के चेयरमैन देसराज राणा, प्रदेश भाजपा के सह मीडिया प्रभारी सतीश ठाकुर, भाजपा मंडल के महामंत्री नरेंद्र राणा, साहिल भारद्वाज, नाथी राम व धर्मपाल आदि मौजूद रहे।