हिमाचल के लाखों राशनकार्ड धारकों पर भी अब महंगाई की मार पड़ने वाली है। दालों की लगातार बढ़ती कीमतों के बाद सरकार सस्ते राशन की कीमतें बढ़ा सकती हैं। यहां के लाखों राशन कार्ड उपभोक्ताओं को दिसंबर से महंगी दालें मिल सकती हैं। मार्केट में दालों के दाम में भारी उछाल की वजह से यह फैसला लिया जा सकता है।
मंगलवार को खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से दालों की कीमतों और उपभोक्ताओं को दी जा रही सब्सिडी पर चर्चा भी की। प्रदेश सरकार ने जून महीने में दालों के टेंडर किए थे। टेंडर छह महीने के लिए हुआ है। नवंबर तक कंपनियों के साथ दालों की सप्लाई देने का करार हुआ है। डेढ़ महीने पहले दालों के नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।