फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत के लिए केंद्र देगा 152 करोड़

Thu, 25 Jan 2024 07:14 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत व उन्नयन के लिए 152 करोड़ रुपये शीघ्र जारी करने का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य, - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल में बीते वर्ष भारी बारिश व भू-स्खलन के कारण हुए नुकसान संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत व उन्नयन के लिए 152 करोड़ रुपये शीघ्र जारी करने का आश्वासन दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने कुल्लू व मनाली का दौरा कर राष्ट्रीय राजमार्ग को हुए नुकसान का जायजा लिया था।

विज्ञापन


इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ने वाले राज्य संपर्क मार्गों के एक किलोमीटर भाग तक बहाली की घोषणा की थी। इसके बाद केंद्रीय मंत्रालय को राज्य की ओर से इन सड़कों के लिए 152 करोड़ रुपये की निधि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया था। साथ ही राज्य सरकार द्वारा चार मुख्य राज्य मार्गों और राजमार्गों की बहाली के लिए 23.08 करोड़ रुपये का संशोधित प्राक्कलन भी भेजा गया था।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इस प्राक्कलन में थलौट उपमंडल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-3 और राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को जोड़ने वाले मार्गों की मरम्मत व रख-रखाव कार्य, मंडी-पंडोह राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने की स्थिति में पंडोह से चैलचौक तक यातायात के सुचारू संचालन के लिए चैल-गोहर-पंडोह सड़क का सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, फोरलेन कार्य के फलस्वरूप पंडोह बाईपास से राष्ट्रीय राजमार्ग के टकोली कुल्लू भाग की मरम्मत एवं रख-रखाव तथा मंडी-कमांद-कटौला-बजौरा मार्ग की तुरंत मरम्मत की आवश्यकता है। यह सड़कें आपात स्थिति में आवश्यक खाद्य सामग्री सहित आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने तथा यात्रियों के आवागमन के लिए अति महत्वपूर्ण हैं।
विज्ञापन


विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि टिक्कर-जड़ोल-गाहन-ननखड़ी-खमाडी सड़क के स्तरोन्नयन के लिए भी 108.33 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केंद्र को स्वीकृति के लिए भेजी गई है जिस पर केंद्रीय मंत्री ने अपनी सहमति जताई। यह सड़क कोटगढ़, कुमारसैन, ननखड़ी और रामपुर तहसील की 12 पंचायतों की सेब बाहुल्य आबादी के लिए आवागमन एवं परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाती है। केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न प्राक्कलन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत एवं उन्नयन के लिए 152 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र जारी करने की बात कही।
विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें