प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। कहा है कि शिमला में महिलाओं की सुरक्षा की पोल खुल गई हैं। पुलिस प्रशासन गहरी नींद में है। दिनदहाड़े चोरियां ओर डकैती तो आम बात हो गई है।
राठौर ने दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। राठौर ने पिछले कल शिमला में हुई बलात्कार की घटना से राजधानी शर्मसार हुई है। कहा कि इससे बड़ी पुलिस की लाचारी और क्या हो सकती है कि पीड़ित युवती ने पुलिस से सुरक्षा मांगी, जो उसे नहीं दी गई।
राठौर ने इसे सरकार की कमजोरी बताते हुए कहा की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें तो करती है, परंतु उनकी सुरक्षा में जुटी पुलिस ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी है। मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
शहर में युवती से दुष्कर्म मामले पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति उग्र हो गई है। महिला समिति का कहना है कि सत्ता में काबिज प्रदेश भाजपा सरकार की महिला सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ रही हैं।
कानून व्यवस्थाएं चरमरा गई है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार फेल साबित हुई है। महिला समिति की राज्य उपाध्यक्ष फालमा चौहान ने कहा कि अगर आरोपी को जल्द नहीं पकड़ा तो महिलाएं सड़कों पर उतर आएंगी।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति का कहना है कि प्रदेश में भाजपा ने बहुचर्चित गुड़िया मामले पर महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर सत्ता हासिल की थी। लेकिन शिमला में पहली बार इस तरह की घटना का होना पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है।
भाजपा महिला मोर्चा ने शिमला में हुई दुष्कर्म की घटना के प्रति रोष प्रकट करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मोरचा ने इस बाबत आज जिलाधीश शिमला राजेश्वर गोयल को ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्षा ममता गुप्ता की अध्यक्षता में सौंपें इस ज्ञापन के माध्यम से दोषियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इस मौके पर शीतल व्यास, पार्षद किमी सूद, किरण बाबा, आरती चौहान, कमलेश मेहता, पिंकी गोयल, लता कौशल, प्रतिभा बाली, कल्पना गोयल, बृजबाला सूद, पुनीता सूद, सुषमा निमोचा, अनिला सूद, बबीता सूद, इंदिरा, इंदु, हिमा कश्यप और सीमा सूद मौजूद रहीं।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कत्ल और रेप की घटनाओं ने प्रदेश सरकार का जनाजा निकाल दिया है। कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं, जिसके चलते शिमला में एक युवती के साथ दुष्कर्म हुआ है।
यह मामला पूरी तरह पुलिस की नाकामी है। गुड़िया कांड पर हंगामा करने वाली भाजपा बताए कि राजधानी में किस प्रकार से दुष्कर्म हुआ है। आखिर पुलिस ने क्यों युवती की शिकायत को नहीं सुना। यदि पुलिस युवती की शिकायत पर कार्रवाई करती तो बड़ी घटना को रोका जा सकता था।
मंगलवार को जारी बयान में मुकेश ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था की निंदा करती है। कहा कि चुनावी दौरे पर निकले मुख्यमंत्री गांधी मुक्त भारत की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें समझ लेना चाहिए कि इस बार जुमले नहीं चलेंगे।
देश की जनता भारत को मोदी मुक्त करेगी। उन्होंने कहा कि मुद्दों से भागने का काम दिल्ली व प्रदेश की सरकार कर रही है। हमारी चुनौती है कि भाजपा का नेतृत्व प्रदेश की कर्ज मुक्ति, बेरोजगारी, सीमेंट के दाम, एनएच, आर्थिक व औद्यौगिक पैकेज प्रदेश की कानून व्यवस्था और बड़ी संख्या में फैल रहे माफिया पर चर्चा कर लें तो अपने आप जनता में भाजपा की पोल खुल जाएगी।