करीब 40 सैलानियों को दिल्ली से मनाली ले जा रही एक निजी वोल्वो बस पिंजौर ब्लॉक के गांव करणपुर के पास सुबह करीब साढे़ 4 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दुर्घटना में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।
जानकारी के अनुसार हिमाचल हॉलीडे टूरिस्ट वोल्वो बस में चालक व परिचालक समेत करीब 40 सवारियां दिल्ली से कुल्लू-मनाली जा रही थीं। जैसे ही बस पिंजौर ब्लॉक के गांव करणपुर के पास पहुंची, सड़क किनारे पलट गई।
बस पलटने का कारण बताया जा रहा कि आगे से आ रहे अन्य वाहन की टक्कर से बचने के लिए बस चालक ने बस सड़क किनारे कच्चे में उतार दी।
मंगलवार को आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश के कारण जमीन मुलायम थी, जिस कारण बस के टायर कच्चे में जाते ही धंस गए और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद बस में सवार सवारियों ने अपने आप को खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाला।
बस पर लिखे नंबरों पर अधिक जानकारी के लिए संपर्क किया तो उन से कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। इस दौरान सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने भी बस सवारों की मदद की।
घटना की सूचना मिलने पर पिंजौर थाना प्रभारी महिंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े 4 बजे की है और सभी सवारियां सुरक्षित हैं।