फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: बर्फबारी से निपटने की तैयारियां शुरू, पांच सेक्टर में बांटा शहर

विज्ञापन
विज्ञापन
आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को निर्देश जारी, दवाइयों और राशन का रखना होगा पर्याप्त स्टॉक
विज्ञापन

डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दिए दिशा निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में विंटर सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन ने बर्फबारी से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए सभी विभागों को अलर्ट करते हुए शहर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है।

प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। यह अधिकारी अपने क्षेत्र में बिजली, पानी और यातायात सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालेगा। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में बर्फबारी से निपटने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने कहा कि बर्फबारी के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। बिजली बोर्ड को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
विज्ञापन


बर्फबारी के दौरान सबसे पहले अस्पतालों तक जाने वाले रास्ते खोलने को प्राथमिकता दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस के टायरों पर चेन लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां और चोट लगने की स्थिति में इस्तेमाल होने वाला आवश्यक सामान उपलब्ध रखने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दे सकते हैं। डीसी ने विंटर कार्निवाल की तैयारियां करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान रोजाना करीब 12 हजार वाहन के शहर में पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन से पहले शहर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच करने को कहा है। उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों और स्कूलों का सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए हैं।


सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में करेंगे बैठक
डीसी ने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठक कर आपातकालीन योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सभी एसडीएम सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखेंगे। इसके अलावा राशन, गैस सिलिंडर और डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण समय रहते सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने एसडीएम को जरूरत पड़ने पर अपने क्षेत्रों में आपदा मित्रों की सेवाएं लेने के निर्देश भी दिए। पंचायतों और आपदा मित्रों को आपदा से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से सुरक्षा किट वितरित की गई हैं। इनमें छोहारा विकास खंड की 30 पंचायतें, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं।


पांच सेक्टर में बांटा शिमला
सेक्टर एक में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां को शामिल किया है। सेक्टर दो में ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, सेक्टर तीन में टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर, सेक्टर चार में डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड होते हुए छोटा शिमला तक का क्षेत्र, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचंद्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय को शामिल किया है। सेक्टर पांच में सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार क्षेत्र को शामिल किया है।
विज्ञापन



बर्फबारी में यह रास्ते खुलेंगे सबसे पहले
हिमपात के दौरान संजौली से आईजीएमसी, चमियाना अस्पताल रोड, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल, केएनएच से कार्ट रोड, राजभवन से ओक ओवर, होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय, बालूगंज से पीटरहॉफ रास्ते को पहले खोलने में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा चौड़ा मैदान और एजी ऑफिस, लिफ्ट से हाईकोर्ट, ओक ओवर और छोटा शिमला, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए सचिवालय, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए लक्कड़ बाजार और संजौली, कैनेडी चौक से अनाडेल, छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी, मैहली से शोघी होते हुए टुटीकंडी सड़क को भी पहले खोला जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें