एशियाड पदक विजेता महिला खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
एशियन खेलों में स्वर्ण पदक विजेता हिमाचल के खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये देने के लिए खेल विभाग ने वित्त विभाग से मंजूरी मांगी है। राज्य की खेल नीति में पुरस्कार राशि दिए जाने के प्रावधान को लेकर विभाग ने प्रस्ताव भेजा है। 25 जनवरी को पूर्ण राज्यत्व दिवस या 15 अप्रैल हिमाचल दिवस को यह राशि जारी की जाएगी। हाल ही में चीन के हवांगझाऊ में एशियन खेलों के पदक विजेता हिमाचली खिलाड़ियों को सरकार की ओर से लगभग एक करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 29 सितंबर से 8 अक्तूबर 2023 तक हुए एशियन खेलों में हिमाचल के छह पदक विजेताओं सहित विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले सात अन्य खिलाड़ियों को धनराशि दी जानी है।
कबड्डी महिला वर्ग में सिरमौर की रितु नेगी, पुष्पा और कुमारी सुषमा, बिलासपुर की कुमारी निधि शर्मा, सोलन की कुमारी ज्योति, पुरुष वर्ग में ऊना के विशाल भारद्वाज स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य रहे हैं। इन सभी छह खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिलासपुर जिला की दीक्षा कुमारी, प्रियंका ठाकुर और शालिनी ठाकुर, सोलन जिला की निधि शर्मा, मिताली शर्मा, भावना और मेनका ने हैंडबाल खेल स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व किया। इन सभी सात खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से वर्ष 2022 में राष्ट्र मंडल खेलों में पदक जीतने वाले तीन खिलाड़ियों रेणुका ठाकुर, विकास ठाकुर और आशीष कुमार को पुरस्कार स्वरूप 63 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।