हिमाचल कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी व प्रमुख सचिव वित्त प्रबोध सक्सेना को भाजपा की जयराम सरकार ने कोरोना काल के बीच प्रमोशन की सौगात दे दी है। जयराम सरकार ने सक्सेना को अतिरिक्त मुख्य सचिव पद पर पदोन्नति दे दी है। पिछली कैबिनेट बैठक में सरकार ने उन्हें तैनाती देने के लिए ही अतिरिक्त मुख्य सचिव के एक पद को मंजूरी दी थी।
लंबे समय से उन्हें अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाए जाने की कवायद चल रही थी। लेकिन पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम से जुड़े बहुचर्चित आईनॉक्स मीडिया मामले में फंसे होने की वजह से ऐसा नहीं हो पा रहा था। दरअसल, इस मामले को लेकर केंद्र सरकार खासी सख्त थी और चिदंबरम को मामले में लंबे समय तक जेल में भी रहना पड़ा था। इस दौरान अफसरों व पूर्व अफसरों ने दिल्ली की एक अदालत से अंतरिम जमानत भी ले ली थी।
चूंकि केंद्रीय नेतृत्व इस मामले को लेकर खासा संवेदनशील था, ऐसे में सरकार ने पिछले साल शुरू हुई सक्सेना के प्रमोशन की प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। लेकिन अब मामला शांत होने के बाद सरकार ने सक्सेना को खुशखबरी दे दी है। सक्सेना के अलावा सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर चल रहे 1989 बैच के के संजय मूर्ति को भी पदोन्नति दे दी है। मूर्ति को इस पदोन्नति का लाभ प्रदेश में कैडर ज्वाइन करने पर मिलेगा।