मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 'गांव के मुख्यमंत्री' की छवि बनाने की जद्दोजहद के तहत हिमाचल में नया प्रयोग कर रहे हैं। वह दुर्गम इलाकों के लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए गांव में एक दिन और एक रात का ठहराव करने का अभियान चलाए हैं। डोडरा क्वार से शुरू हुआ उनका यह प्रयास वीते दिनों बागा सराहन तक पहुंच गया। आगे वह माहूंनाग और बड़ा भंगाल जाने की भी योजना बना चुके हैं। वह राहुल गांधी की दिखाई राह पर चलकर अपने सियासी विरोधियों को भी कड़ा संदेश दे रहे हैं। भाजपा के चंद घंटों में निपट जाने वाले जनमंच से चार कदम आगे चलने की कोशिश कर सीएम 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में विपक्ष की घेराबंदी कर रहे हैं। डेढ़ साल पहले मुख्यमंत्री ने अर्थव्यवस्था पर जब राहुल गांधी से चर्चा की तो उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस करने की सलाह दी थी, क्योंकि हिमाचल की नब्बे फीसदी आबादी गांव में है। सीएम ने खुद यह बात जाहिर की थी।