प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा है कि पार्टी में परिवारवाद की प्रथा को अंकुश लगाया है। जिस तरह से बापू, बेटा, पोता और पड़पोते को टिकट मिलता है, वह केवल कांग्रेस में ही संभव होगा। भाजपा में हर सामान्य कार्यकर्ता को नेता बनने का अवसर प्राप्त होता है और यही कारण है कि हमारा कार्यकर्ता भाजपा में खुश हैं। शिमला से जारी बयान में संजय टंडन ने कहा है कि 100 करोड़ वैक्सीनेशन की अभूतपूर्व उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी है। यह खुशी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘सबके संगठित प्रयास’ का परिणाम है। टंडन ने कहा कि लोकतंत्र भंग करने की बात करने का कांग्रेस को अधिकार नहीं है। कांग्रेस सरकारों के समय उन्होंने लोकतंत्र की हत्या अनगिनत बार की है। पूरे देश में उनके शीर्ष नेतृत्व में आपातकाल लगाकर और सिख दंगों में अनेक बेकसूरों की हत्या करना देश भूला नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवारवाद से ग्रस्त है। देश में गांधी परिवार की छठी पीढ़ी कांग्रेस पर राज कर रही है। उनकी पार्टी में किसको टिकट मिलना है, उसका फैसला गांधी परिवार ही करता है।
भाजपा चार्जशीट की जांच में जो दोषी निकलेंगे, उन पर होगी कार्रवाई : विनोद
उधर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनोद ठाकुर ने कहा है कि भाजपा का भ्रष्टाचार के साथ कोई समझौता नहीं है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई भ्रष्टाचार को उजागर करती भाजपा चार्जशीट विजिलेंस ब्यूरो को दी गई है। ब्यूरो अपना काम कर रहा है। जो भी इसके परिणाम आएंगे या जो भी इसके लिए दोषी निकलेंगे, उनके विरुद्ध भाजपा सरकार कार्रवाई करेगी। गुरुवार को शिमला में हुई पत्रकार वार्ता में विनोद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने मंडी से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर कुशाल पर अनाप-शनाप बयानबाजी की है। उन पर फोरलेन में पैसा खाने जैसे गंभीर आरोप निंदनीय और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को 30 अक्तूबर को मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक-दूसरे के पूरक हैं। रोजगार, खनन, भू-माफिया पर भी कांग्रेस अनर्गल आरोप लगा रही है। कांग्रेस सीएम जयराम ठाकुर पर हेलीकॉप्टर में उड़ लीजिए जैसे अजीब बयान दे रही है। यह सही नहीं है। जहां भी कांग्रेस नेता बहस करना चाहें, वह उसके लिए तैयार हैं। विनोद ठाकुर ने कहा कि भाजपा बड़ी गंभीरता से चुनाव लड़ रही है।