फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HP Politics: हिमाचल निर्माता के जयंती समारोह में सीएम और नेता प्रतिपक्ष में चले सियासी तीर, जानें क्या कहा

Tue, 04 Aug 2026 06:20 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।

सार

विधानसभा परिसर में हुए जयंती समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच खूब सियासी तीर चले। समारोह में दोनों एक मंच पर बैठे।
विज्ञापन
डॉ. वाईएस परमार जयंती समारोह में मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार के विधानसभा परिसर में हुए जयंती समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच खूब सियासी तीर चले। समारोह में दोनों एक मंच पर बैठे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तंज कसा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में पीटरहॉफ में भव्य समारोह का आयोजन किया जाता रहा, सरकारें बदलने के साथ व्यवस्थाएं भी बदल जाती हैं। अब कार्यक्रम को अपेक्षाकृत छोटा रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार की जयंती का आयोजन भव्य स्तर पर होना चाहिए। इस पर सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्तमान सरकार कार्यक्रम से आगे बढ़कर हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की नीतियों को लागू कर रही है। 

विज्ञापन

जयराम ठाकुर प्रधानमंत्री से मिलने चलें और हिमाचल प्रदेश के लिए राजस्व घाटा अनुदान बंद करने की क्षतिपूर्ति व आपदा के लिए 1500 करोड़ घोषित करने की योजना को लागू करवाएं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लाइब्रेरी हॉल में मंगलवार को प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान दिखाई जाने वाली डॉक्यूमेंट्री में प्रदेश के अन्य मुख्यमंत्रियों के योगदान की झलक भी शामिल की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री हालांकि सुनते नहीं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस सुझाव पर ध्यान देंगे।

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जयराम ठाकुर को कहना चाहेंगे कि विपक्ष प्रदेश हित में सहयोग करे। उन्होंने जयराम से कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति और संसाधनों से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री से मिलकर हिमाचल का पक्ष रखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. परमार के सपनों को केवल एक दिन का समारोह आयोजित कर पूरा नहीं किया जा सकता। उनके विचारों, नीतियों और विकास की सोच को धरातल पर उतारना जरूरी है। वर्तमान सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। विद्यार्थियों के लिए डॉ. वाईएस परमार के नाम से ऋण योजना भी शुरू की गई है। सीएम ने कहा कि विपक्ष का भी दायित्व है कि वह प्रदेश हित में अपनी जिम्मेदारी निभाए। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रदेश के विकास के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, अन्य कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राधारमण शास्त्री भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

सुक्खू बोले-28 में से 16 भाजपा विधायक नहीं पहुंचेंगे विधानसभा
 मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में हिमाचल में भाजपा की 28 में से भी कम सीटें आएंगी। 28 विधायकों में से 16 विधायक दोबारा विधानसभा में नहीं पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने हर क्षेत्र में व्यवस्था परिवर्तन किया है। वहीं नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि इससे भी कम आंकड़ा कांग्रेस का रहेगा। दोनों नेता मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए भी आमने-सामने हुए। जयराम ठाकुर ने जवाब दिया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भविष्यवाणी करने का नया काम शुरू किया है। उनकी बात तो कोई गंभीरता से नहीं लेता, न तो उनके दल में ले रहे हैं और न ही दूसरी पार्टी वाले।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें