कोर पुलिसिंग पर फोकस कर रही हिमाचल पुलिस ने अब पासपोर्ट और अन्य तरह के पुलिस सत्यापन को एक दिन में करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय के स्तर पर हर सोमवार को डीजीपी संजय कुंडू की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित होती है, जिसमें पिछले हफ्ते मिले वेरिफिकेशन के आवेदनों की समीक्षा होती है। कुछ समय पहले तक सूबे में पासपोर्ट वेरिफिकेशन में सात से दस दिन तक का समय लगता था।
इस बात पर विदेश मंत्रालय ने भी चिंता जताई थी। हाल ही में हुई एक बैठक में डीजीपी ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिए हैं कि आवेदन मिलने के एक दिन के भीतर ही पुलिस वेरिफिकेशन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही विषम परिस्थितियों में ही इसे दो या तीन दिन किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक अपने स्तर पर भी वेरिफिकेशन के लक्ष्य की समीक्षा करें, ताकि लोगों को वेरिफिकेशन के लिए पुलिस के चक्कर न काटने पड़ें।