शिमला। कोरोना महामारी में डेढ़ साल बाद जिला के युवाओं के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू होनी जा रही है। पुलिस ग्राउंड भराड़ी में सुबह सात बजे से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होगी। अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के दौरान पांच चरणों से गुजरना होगा। इसमें चेस्ट, हाइट, लांग जंप, हाईजंप और रेस शामिल है। पांचों चरणों को उतीर्ण करने के बाद आगे अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया में शामिल होना का अवसर मिलेगा।
शनिवार को आईजी हिमांशु मिश्रा ने पुलिस भर्ती की तैयारियों को लेकर ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका भी मौजूद रही। आईजी हिमांशु ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएसपी हेडक्वार्टर कमल किशोर वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा के स्थान पर आना होगा। इस दौरान प्रिंटेड एडमिट कार्ड, एक पासपोर्ट साइज फोटो (साइन किए हुए), हिमाचली प्रमाण-पत्र, दसवीं का सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और वोटर कार्ड भी साथ लाना होगा।
भर्ती के दौरान अभ्यर्थियों के लिए महकमे ने रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की है। इस दौरान अभ्यर्थियों को मास्क, सैनिटाइजर, पानी की बोतल, बिस्किट, जूस, केला और टिशू पेपर दिए जाएंगे। इससे पहले पुलिस महकमे ने संभावित शेड्यूल के तहत अभ्यर्थियों के रजिस्टर मोबाइल नंबर पर मेसेज भेजे जाने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। अभ्यर्थियों को उनके रजिस्टर मोबाइल नंबर पर मेसेज भेजे गए है। शारीरिक दक्षता परीक्षा 3 दिसंबर तक चलेगी। जिला शिमला में महिला, पुरुष कांस्टेबल और चालक के पद भरने के लिए भर्ती हो रही है।
--
158 पदों के लिए आए 15,155 आवेदन
158 पदों के लिए 15 हजार 155 आवेदन आए हैं। इसमें पुरुष कांस्टेबल के 110 पदों के लिए नौ हजार 766, महिला के 37 पदों के लिए 5 हजार 112 आवेदन और चालक के 11 पदों के लिए 277 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
--