रोटरी क्लब शिमला ने रोटरी टाउन हॉल में करवाई शतरंज प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। रोटरी क्लब शिमला की ओर से रविवार को रोटरी टाउन हॉल में शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शहर के विभिन्न इलाकों के 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यह प्रतियोगिता अंडर-9 और अंडर-13 वर्गों में आयोजित की गई। अंडर-13 वर्ग में कर्मण्य सिंह और अंडर-9 वर्ग में गर्वित खानाशु विजेता रहे। प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र की बालिका खिलाड़ी का पुरस्कार सिदरा बंबा और सबसे कम उम्र के बालक खिलाड़ी का पुरस्कार कैरव चौहान को दिया गया। सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी का पुरस्कार गुरप्रीत कौर और सर्वश्रेष्ठ बालक खिलाड़ी का पुरस्कार वियान ठाकुर को दिया गया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष करण बंबा ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से शतरंज के महत्व का संदेश दिया गया। शतरंज को बच्चों के मस्तिष्क विकास, एकाग्रता, तार्किक सोच, स्मरण शक्ति एवं निर्णय क्षमता को बढ़ाने वाला खेल बताया। इस अवसर पर पीपी रोटेरियन मनमोहन मांचंदा, रौनक गोयल, वरुण बंबा और सचिव रोटेरियन डॉ. सुंदीप सौठा मौजूद रहे।