शिमला में पेट्रोल-डीजल के नए दाम।
- फोटो : संवाद
आम चुनाव की घोषणा से ऐन पहले सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में प्रति लीटर दो रुपये कटौती की घोषणा की है। दरों में दो साल की स्थिरता के बाद यह राहत दी गई है। हिमाचल प्रदेश में भी पेट्रोल-डीजल के नए दाम लागू हो गए हैं।
शिमला शहर के विकासनगर पेट्रोल पंप के प्रबंधक संजू डढवाल ने बताया कि नए रेट 15 मार्च की सुबह 6:00 बजे से लागू हो गए हैं। अब पेट्रोल 94.99 व डीजल 87.08 रुपये प्रतिलीटर बेचा जा रहा है। पहले पेट्रोल 96.95 और डीजल 88. 92 रुपये प्रति लीटर बेचा जा रहा था।
पेट्रोल-डीजल सस्ता होना देशवासियों को बड़ी राहत : डॉ. बिंदल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से डीजल और पेट्रोल की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कमी करके देशवासियों को बड़ी राहत प्रदान की है। नई दरें शुक्रवार सुबह छह बजे से लागू हो गई हैं। डाॅ. बिंदल ने कहा कि भाजपा की पूर्व जयराम सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल से वैट कम करके राज्य में पेट्रोल 12 रुपये और डीजल 17 रुपये प्रतिलीटर सस्ता किया था। सुक्खू सरकार ने एक साल में दो बार डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ाकर महंगाई का तगड़ा झटका प्रदेश की जनता को दिया है।