स्वास्थ्य में अपना रहे आधुनिक टेक्नोलॉजी : सीएम
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आईजीएमसी में स्थापित की पैट सीटी स्कैन मशीन के शुभारंभ से पूर्व विधानसभा में कहा कि प्रदेश सरकार ने तीन साल में आधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी को अपनाने का प्रयास किया है। आईजीएमसी शिमला में पुरानी मशीन को बदलकर थ्री टेस्ला एमआरआई मशीन, रोबोटिक सर्जरी, अब पैट सीटी स्कैन मशीनें लगाई हैं। नेरचौक, हमीरपुर, टांडा और चमियाना असताल में थ्री टेस्ला मशीनें पहुंच चुकी हैं। नई तकनीक से पता चल जाएगा कि बीमारी किस स्टेज पर है। उसी के अनुसार उपचार हो सकेगा। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में उच्च स्थान पर पहुंचेगा।
कैंसर का हो सकेगा बेहतर उपचार
पैट सीटी स्कैन मशीन का शुभारंभ करने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि स्पेक्ट/गामा कैमरा लगने से अस्पताल कैंसर के आधुनिक उपचार में पूरी तरह सक्षम हो जाएगा। स्पेक्ट गामा कैमरा की स्थापना के बाद बोन कैंसर की पहचान के लिए बोन स्कैन, किडनी के लिए रीनल स्कैन, हृदय की नसों में रक्त संचार और वाल्व की कार्यप्रणाली की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसके साथ ही मुगा स्कैन की सुविधा भी शुरू होगी, जिससे मरीजों की बीमारी का सही आकलन कर बेहतर उपचार संभव हो पाएगा। इस नई सुविधा के शुरू होने से अस्पताल में थायरॉइड कैंसर जैसे रोगों का इलाज रेडियोएक्टिव थेरेपी के माध्यम से भी किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि आईजीएमसी में जल्द ही बोन मैरो ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे प्रदेश भर से आने वाले मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।