शिमला। वीकेंड पर हिल्सक्वीन शिमला सैलानियों से गुलजार होने वाली है। वीकेंड के लिए शहर के बड़े होटलों में 80 फीसदी तक कमरे एडवांस बुक हो चुके हैं। शनिवार और रविवार को शिमला सैलानियों से पैक रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों के चलते परिवारों के साथ सैलानी शिमला पहुंचेंगे। शहर के पर्यटन कारोबारी भी सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार है।
मैदानी इलाकों केे स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने के बाद शिमला में सैलानियों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई है। हफ्ते के सामान्य दिनों में शहर के होटलों में 60 से 70 फीसदी तक कमरे बुक चल रहे हैं, वीकेंड पर 90 से 100 फीसदी कमरे बुक हो रहे हैं।
वीरवार को भी शहर के होटलों में 70 फीसदी कमरे बुक रहे। परिवार के साथ आने वाले लोगों ने होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग कर दी है ताकि शिमला पहुंचने पर कमरों की बुकिंग के लिए परेशानी न झेलनी पड़े। शिमला के अलावा साथ लगते पर्यटन स्थलों कुफरी, छराबड़ा, फागू, नारकंडा, मशोबरा, बलदेयां और नालदेहरा के होटलों में भी वीकेंड के लिए एडवांस बुकिंग चल रही है।
80 फीसदी कमरे एडवांस बुक : मनु
ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि वीकेंड के लिए शहर के होटलों में 80 फीसदी कमरे एडवांस बुक हो गए हैं। मैदानी इलाके के स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों के चलते भारी संख्या में सैलानी वीकेंड पर शिमला पहुंचने वाले हैं। वीकेंड पर 90 से सौ फीसदी कमरे बुक रहने की उम्मीद है।