फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal News: दो हजार के नोट बदलवाने के लिए बैंकों में पहले दिन नहीं दिखी भीड़

Tue, 23 May 2023 09:08 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/कुल्लू

सार

मंगलवार से बैंक शाखाओं में 2,000 रुपये के नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन बैंकों में नोट बदलने के लिए आने वाले लोगों की अधिक भीड़ देखने को नहीं मिली। 
विज्ञापन
बैंक में दो हजार रुपये के नोट बदलने पहुंचे लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आरबीआई के फैसले के बाद मंगलवार से बैंक शाखाओं में 2,000 रुपये के नोट बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन बैंकों में नोट बदलने के लिए आने वाले लोगों की अधिक भीड़ देखने को नहीं मिली। कुछ बैंकों में ग्राहकों से फार्म भरवाने, पहचान पत्र मांगने और खाते में ही 2,000 के नोट जमा करवाने को लेकर असमंजस की स्थिति के कारण लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। आरबीआई ने पिछले हफ्ते ''क्लीन नोट पॉलिसी'' में 2,000 रुपये के नोटों को वापस लेने का फैसला किया था। आरबीआई ने बैंकों को बिना कोई फार्म भरवाए, बिना कोई दस्तावेज मांगे, किसी भी बैंक के ग्राहक के 2,000 के नोट 30 सितंबर 2023 तक बदलने की सुविधा देने के निर्देश दिए हैं, लेकिन लोगों को पहले दिन नोट बदलवाने में परेशानी हुई। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कालीबाड़ी शाखा में बड़ी संख्या में लोग नोट बदलने पहुंचे।

विज्ञापन


यहां बिना कोई फार्म भरे, दस्तावेज मांगे नोट बदले गए। शाखा प्रबंधक अंकित गर्ग ने बताया कि आरबीआई के स्पष्ट निर्देश हैं कि 2,000 के नोट लीगल टेंडर हैं, इन नोटों को बदलने के लिए बैंकों को आम लोगों को सुविधा देनी है। इसलिए बिना किसी औपचारिकता के नोट बदले जा रहे हैं। भीड़ बढ़ेगी तो अलग काउंटर की भी व्यवस्था करेंगे। बैंक ऑफ इंडिया मालरोड शाखा के प्रबंधक संदीप दिसोदिया ने बताया कि आरबीआई की पहली गाइडलाइन में नोट बदलने के लिए फार्म भरवाने की व्यवस्था थी लेकिन ताजा सर्कुलर में कोई औपचारिकता नहीं है। कोई भी व्यक्ति किसी भी बैंक शाखा में एक दिन में अधिकतम 20,000 रुपये के नोट बदल सकता है। हालांकि कुछ बैंक शाखाओं में ग्राहकों से नोट बदलने के लिए फार्म भरवाए गए। कई जगह 2000 के नोट खातों में जमा करने के लिए भी कहा गया।

पेट्रोल पंप पर 2,000 का नोट लेने से इंकार
शहर के कुछ पेट्रोल पंप संचालक 2,000 का नोट लेने से इंकार कर रहे हैं, इसके बजाए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन को तवज्जो दी जा रही है। विकास नगर के रहने वाले सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी में 1,000 का पेट्रोल डलवाया। पंप आपरेटर ने 2,000 का नोट लेने से मना कर दिया।
विज्ञापन


स्टेट बैंक गंज बाजार शाखा में सर्वर डाउन से परेशानी
स्टेट बैंक की गंज बाजार शाखा में सर्वर डाउन होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। बैंक पहुंची कृष्णानगर की रेणू ने बताया कि सर्वर बंद होने से काम नहीं हो रहा। कुछ देर इंतजार के बाद रेणू शाखा से बाहर चली गईं। शाखा प्रबंधक तृप्ति केसरकर ने बताया कि बिना किसी औपचारिकता के नोट बदले जा रहे हैं, सर्वर धीमा होने से थोड़ी समस्या चल रही है।

एसबीआई में विशेष काउंटर पर बदलवा सकते हैं 2,000 के नोट
वहीं, कुल्लू में बैंकों में इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ढालपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में विशेष काउंटर लगाया गया है। बैंक के नंबर एक काउंटर पर जाकर लोग नोट बदलवा सकते हैं। हालांकि, पहले दिन कम लोग पहुंचे। 2,000 के नोट के बदले बैंक में आए हुए ग्राहकों को 500 रुपये के नोट दिए गए। एसबीआई ढालपुर शाखा प्रबंधक शशांक ठाकुर का कहना है कि लोगों की सुविधा को देखते हुए काउंटर स्थापित किया गया है। लोग यहां पर आकर अपने नोट बदलवा सकते हैं। दूसरी अखाड़ा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक में लोगों में 2,000 रुपये के नोट बदले। हालांकि, यहां पर नोट बदलने के लिए आईडी प्रूफ के तौर पर दस्तावेज मांगे गए। ऐसे में लोगों में रोष भी देखने को मिला। 
विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें