पांगी से आए कैलाश, देवी सिंह, अनूप कुमार, द्रंग के तुले राम, मनोहर सिंह, नरोत्तम राम ने कहा कि कुछ लोग काउंटर पर खड़े होकर प्रवेश पास बनाने के लिए आवेदन कर रहे थे, लेकिन कुछ लोग काउंटर के रूम में जाकर प्रवेश पास बनाने के लिए कर्मचारियों से सीधे मिल रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया।
उसके बाद पुलिस ने काउंटर रूम से सभी लोगों को बाहर निकाला और लाइन में खड़े होकर आवेदन करने को कहा। शीतकालीन सत्र के पहले दिन विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह होने के बाद गेट नंबर दो से विधायकों का प्रवेश सुबह दस बजे से शुरू हो गया।
कई विधायकों के साथ उनके समर्थक भी आए थे, जो सुबह से ही गेट पर प्रवेश पास बनाने में जुट गए थे। 13वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र में विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सबसे पहले परिसर से पूर्व मंत्री एवं फतेहपुर के विधायक सुजान सिंह पठानिया बाहर निकले।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन भीड़ अधिक होने के कारण दोपहर एक बजे तक प्रवेश पास के बिना किसी भी व्यक्ति या प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा परिसर के अंदर जाने नहीं दिया। लेकिन एक बजे के बाद बिना प्रवेश पास ही लोगों को परिसर में आने की अनुमति दी गई।
चंबा जिले की भरमौर विधानसभा क्षेत्र के सबसे ज्यादा लोग देखने को मिले। विधायक जिया लाल जैसे ही गेट नंबर दो पर पहुंचे तो लोगों की भीड़ उनकी ओर दौड़ पड़ी। सभी लोगों ने प्रवेश पास बनाने और अन्य कामों को लेकर विधायक के समक्ष अपने प्रस्ताव रखे। शपथ लेने के बाद भी जिया लाल पांगी-भरमौर के लोगों के साथ मिलने फिर बाहर आए।