संयुक्त समन्वय समिति के सचिव खेमेंद्र गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
एचआरटीसी कर्मियों के लिए राहत वाली खबर है। निगम प्रबंधन के साथ संयुक्त समन्वय समिति की बैठक में निदेशक ने कई मांगों को लेकर आश्वासन दिया है। निदेशक ने आश्वस्त किया कि जल्द ही छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के साथ-साथ अन्य लंबित देय वित्तीय लाभ भी जारी कर दिए जाएंगे। एचआरटीसी को रोडवेज का दर्जा देने का मामला सरकार को भेजा जाएगा। चालकों-परिचालकों को हर माह रात्रि भत्ता दिया जाएगा। जिन कर्मचारियों का अनुबंध में 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, उन्हें शीघ्र नियमित किया जाएगा। सभी अनुबंध वॉशर ब्वाय भी नियमित होंगे। तकनीकी कर्मचारियों के आरएंडपी रूल्स संशोधित किए जाएंगे। चालकों-परिचालकों के आरंभिक वेतनमान को पुन: अवलोकन कर जारी किया जाएगा। चालकों को वरिष्ठ चालक का पद्नाम और वेतनमान दिया जाएगा।
ढली और तारादेवी कर्मशाला के नवीनीकरण के लिए वित्त वर्ष में 20 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। इससे पहले हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने नेताओं ने कहा है कि निगम प्रबंधन 15 दिन के भीतर मांगें नहीं मानी तो आंदोलन होगा। प्रबंध निदेशक सदीप कुमार ने भरोसा दिलाया है कि एचआरटीसी कर्मचारियों के देय वित्तीय लाभों को जारी करने सहित अन्य मामले प्रदेश सरकार से उठाए जाएंगे। समिति के सचिव खेमेंद्र गुप्ता ने बताया कि परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति की बैठक एचआरटीसी प्रबंध निदेशक के साथ हुई। इस दौरान प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक संदीप कुमार, कार्यकारी निदेशक भूपेंद्र अत्री, एफ एंड सीएओ केआर नेगी महाप्रबंधक पंकज सिंघल, समिति की ओर से समर चौहान, पूर्ण चंद शर्मा, खेमेंद्र गुप्ता, संजय बड़वाल, जगदीश ठाकुर, राजेश ठाकुर, हितेंद्र कंवर, बैठक में शामिल रहे।