निर्वासित तिब्बत सरकार की चुनाव गाइडलाइंस के मुताबिक प्रधानमंत्री पद के लिए प्रथम चरण के मतदान में पहले और दूसरे नंबर पर रहने वाले उम्मीदवार ही दूसरे चरण के मतदान में पहुंचते हैं। फिर दो में से एक विजेता घोषित होता है। प्रथम चरण के अभी तक के रुझानों में पेंपा सेरिंग काफी आगे हैं। गेरी डोलमा और केलसंग दोरजे दोनों दूसरे नंबर की दौड़ में एक दूसरे के आसपास चल रहे हैं। ऐसे में दूसरे चरण के चुनाव में पेंपा की टक्कर डोलमा या दोरजे के साथ हो सकती है।
प्रचार में तीनों उम्मीदवारों के मुद्दे अलग-अलग
पेंपा सेरिंग ने अपने चुनाव प्रचार में अभी तक दलाईलामा की मध्य मार्ग नीति पर ही आगे चलने की बात कही है। जबकि, गेरी डोलमा ने प्रचार में आजादी और मध्य मार्ग नीति दोनों में किसी भी पर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट नहीं किया है। इससे इतर केलसंग दोरजे ने प्रचार में तिब्बतियों की आर्थिक उन्नति पर ज्यादा जोर दिया है।