प्रदेश में दो विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के चलते सरकार ने कांगड़ा और सिरमौर जिले में लिफाफे खोलकर उपभोक्ताओं को दालें देने के निर्देश दिए हैं। कई दालों के पैकेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के फोटो हैं। आचार संहिता का उल्लंघन न हो, इसके चलते सरकार ने यह व्यवस्था की है।
खाद्य आपूर्ति निगम के गोदामों में तीन-तीन महीने की दालों की सप्लाई आती है। गोदामों में पहले से ही दालों का स्टॉक पड़ा है। इन पैकेज के एक कोने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोटो लगा है जबकि, दूसरे कोने में तरफ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का फोटो है। इन दो जिलों को छोड़कर अन्य जिलों में बंद पैकेट में उपभोक्ताओं को दालें दी जाएगी।
हिमाचल के अधिकांश डिपुओं में नहीं मिल रहीं दालें
हिमाचल के अधिकांश डिपो में दालों का टोटा हो गया है। उपभोक्ताओं को डिपो में मूंगी की दाल दी जा रही है जबकि माश और दाल चना के लिए इंतजार करने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि केंद्र से दालों की सप्लाई नहीं हो रही है। जिससे यह दिक्कत पेश आई है।
प्रदेश सरकार ने केंद्र से इस मामले को उठाया है। अब केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने दालें देने की हामी भर दी है। हिमाचल के साढ़े अठारह लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को सब्सिडी पर तीन दालें दी जाती है। इधर, खाद्य आपूर्ति विभाग के सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि डिपो में राशन की कमी नहीं है। जिन डिपो में दालें नहीं हैं, वहां जल्द आपूर्ति होगी।
100 ग्राम अतिरिक्त मिल सकता है चीनी का कोटा
दिवाली के चलते प्रदेश के साढ़े 18 लाख राशनकार्ड धारकों को 100 ग्राम अतिरिक्त चीनी का कोटा मिल सकता है। वर्तमान में प्रति उपभोक्ताओं को 500 ग्राम चीनी मिल रही है। इस महीने उपभोक्ताओं को अतिरिक्त चीनी मिलेगी।
हालांकि, खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग का मानना है कि जिन उपभोक्ताओं ने डिपो से चीनी ले ली है, यह अतिरिक्त चीनी अगले महीने उन्हें भी दी जा सकेगी।