हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुल गए हैं। बंदोबस्त विभाग में पटवारियों के 242 पदों पर भर्ती की जा रही है। शिमला में 138 जबकि कांगड़ा डिविजन में 104 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए जमा दो योग्यता रखी गई है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
आवदेन की अंतिम तारीख 11 सितंबर 2015 है। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा ली जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद पटवारियों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान इन्हें 3000 रुपये मासिक स्टाइपंड दिया जाएगा। 18 माह की ट्रेनिंग के बाद इन्हें नियुक्ति दी जाएगी। ऐसे में यदि आप भी सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं तो जल्द ही आवेदन कर लीजिए।
इस तरह करें आवेदन
इच्छुक आवेदक http://himachal.nic.in/index.php?lang=1&dpt_id=13 वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म डाउनलोड करने के बाद सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को अपनी डिविजन के सेटलमेंट ऑफिसर के नाम से 200 रुपये और आरक्षित वर्ग को 100 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट बनाना होगा।
इसके अलावा एक एनवल्प जिस पर अपना एड्रेस और टिकट भी लगानी होगी। परीक्षा में दसवीं के स्तर का गणित, सामान्य ज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा के बाद श्रेणीवार मैरिट बनाई जाएगी जिसके बाद अव्वल रहने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इन जिलों के युवा यहां के लिए करें आवेदन
शिमला, किन्नौर, सिरमौर, सोलन और बिलासपुर के आवेदक इस पते पर अपने आवेदन भेजें।
To the Settlement Officer Shimla , Block No. 39 SDA Complex , Kasumpti Shimla-9.
कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, चंबा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति के आवेदक इस पते पर अपने आवेदन भेजें।
To the Settlement Officer Kangra at Dharamshala.
अधिक जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट चैक की जा सकती है।
यहां भी खुला नौकरी का पिटारा
वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग विभिन्न पदों पर 55 भर्तियां करेगा। अनुसूचित जाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक मामले विभाग में जूनियर आफिस असिस्टेंट (आईटी) के 25 पद भरे जाएंगे। अनुबंध आधार पर भरे जाने वाले इन पदों का पे बैंड 5910-20200 रुपये और 1950 रुपये का ग्रेड पे मिलेगा।
इसके अलावा प्रदेश में खोली गई दस नई तहसीलों शिमला शहरी, मनाली, बरोह, रक्कड़, झंडूता, श्रीनैणा देवी, लडभडोल, बलदवाडा, डलहौजी और बद्दी में तहसील वेलफेयर आफिसर, जूनियर आफिस असिस्टेंट (आईटी) के एक-एक पद अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे।
इसके अलावा सभी दस तहसीलों में एक-एक सफाई कर्मी की भर्ती भी की जाएगी। सफाई कर्मी की भर्ती डेली वेज आधार पर होगी। सरकार ने इन सभी पदों को भरने की अधिसूचना जारी कर दी है।