संयुक्त ग्रामीण राजस्व पटवारी एवं कानूनगो महासंघ ने मांगों को लेकर रविवार को मंडी में मौन कैंडल जुलूस निकाला। भूतनाथ मंदिर सराय में आयोजित संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में सरकार से निर्णायक जंग का ऐलान किया।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि संघ की पांच प्रमुख मांगों की नोटिफिकेशन जारी होने तक काले बिल्ले लगाकर विरोध जारी रखा जाएगा। पटवारी और कानूनगो अपना मोबाइल स्विच ऑफ रखेंगे।
वर्क टू रूल के तहत मांगें माने जाने या नोटिफिकेशन जारी होने तक पटवारी-कानूनगो अतिरिक्त कार्यभार नहीं संभालेंगे। अगर सरकार नोटिफिकेशन जारी करती है तो रोष समाप्त करने पर विचार किया जा सकता है।
एक नवंबर से होगी गेट मीटिंग
उन्होंने कहा कि एक से पांच नवंबर तक दोपहर अवकाश के दौरान तहसील/उप तहसील स्तर पर गेट मीटिंग की जाएगी। इसके अलावा 22 नवंबर को हमीरपुर में प्रदेश स्तरीय संघर्ष समिति एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक होगी। 23 नवंबर को रैली होगी।
ये हैं मुख्य मांगें
कानूनगो से नायब तहसीलदार के लिए शत प्रतिशत पदोन्नति कोटा देने, चार क्षेत्रीय पटवार वृत्तों पर एक कानूनगो वृत्त का सृजन करना, नए सृजित सभी उप मंडलीय अभिलेख कक्षों, उपमंडलों, तहसीलों और उप तहसील कार्यालयों में पटवारी कानूनगो के सभी आवश्यक पद सृजित करना, अनुबंध पटवारियों को इस पद के वेतन सहित सभी भत्ते देना और खाली पदों को शीघ्र भरने के साथ-साथ नई स्टाफिंग नॉर्म्स को पूर्णरूप से वापस लेना शामिल है।