पहले दिन दो सौ से ज्यादा आवेदन, सैकड़ों लोगों ने पार्षदों को फोन कर पूछी औपचारिकताएं
एक घर से एक गाड़ी को मिलेगी येलो लाइन में जगह
शिमला। येलो लाइन में पार्किंग सुविधा लेने के लिए शहरवासियों में मारामारी मची हुई है। आवेदन प्रक्रिया के पहले ही दिन वीरवार शाम तक 200 से ज्यादा लोगों ने पार्किंग के लिए आवेदन कर दिए हैं। इसके अलावा सैकड़ों लोगों ने पार्षदों को फोन कर आवेदन प्रक्रिया संबंधी औपचारिकताओं के बारे में पूछा है।
शहर के विकासनगर वार्ड में सबसे ज्यादा 42 आवेदन आए हैं। इसके अलावा पटयोग में 25, बालूगंज में 12, न्यू शिमला में आठ, भराड़ी में 13, बैनमोर में 12, कंगनाधार में आठ, रामबाजार में छह, टुटू में छह, खलीनी में चार और अपर ढली में एक आवेदन आया है। पार्किंग में जगह बुक करवाने के लिए ऐसी मारामारी मची है कि ज्यादातर लोग एक साल का शुल्क देने को भी तैयार हैं। खलीनी, टूटीकंडी, नाभा, फागली और समरहिल वार्ड में भी दर्जनों आवेदन आए हैं। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहरवासी स्थानीय पार्षद के पास ही पार्किंग के लिए आवेदन दें। 31 अगस्त को आवेदनों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद ही पार्किंग का आवंटन किया जाएगा। शहर में निगम के पास करीब चार हजार वाहनों के लिए येलो लाइन पार्किंग की सुविधा है।
येलो लाइन में नहीं पार्क
होंगे कामर्शियल वाहन
शहर में येलो लाइन पार्किंग को लेकर नगर निगम ने नियम और शर्तें लागू कर दी हैं। इसके अनुसार येलो लाइन में किसी भी कामर्शियल वाहन को पार्किंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। भले ही वाहन मालिक पार्किंग शुल्क चुकाने के लिए क्यों न तैयार हो। इसके तहत टैक्सियों, मालवाहक पिकअप गाड़ियों को येलो लाइन में जगह नहीं मिलेगी। इसके अलावा एक घर में यदि दो वाहन हैं, तो एक वाहन को ही येलो लाइन में पार्किंग की सुविधा दी जाएगी। एक वार्ड के भीतर लगी येलो लाइन में सिर्फ उसी वार्ड के लोगों को पार्किंग के लिए जगह दी जाएगी। शहर के कंगनाधार, पटयोग, न्यू शिमला, खलीनी, भराड़ी, नाभा, फागली, टूटीकंडी, बालूगंज, समरहिल आदि वार्डों में नगर निगम की सड़क पर येलो लाइन लगने से सैकड़ों गाड़ियों को पार्किंग की सुविधा मिल जाएगी।
निजी वाहनों को ही येलो
लाइन में पार्किंग : भारद्वाज
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज ने कहा कि येलो लाइन में कामर्शियल वाहनों को पार्किंग की सुविधा नहीं दी जाएगी। एक घर से एक ही वाहन को येलो लाइन में पार्किंग सुविधा मिलेगी। लोग पार्षदों के पास आवेदन कर सकते हैं।