राजधानी के सबसे बड़े उपनगर संजौली में पार्किंग की कमी के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्किंग के नाम पर यहां नगर निगम की सिर्फ एक बहुमंजिला पार्किंग है जिसमें सिर्फ 400 वाहनों के पार्क होने की क्षमता है। वहीं वाहनों की संख्या चार हजार से ज्यादा है। सेंट जेवियर के पास पार्किंग बन रही है लेकिन दो साल से यहां काम के नाम पर सिर्फ पिलर खड़े हुए हैं। पेश है संवाददाता दीक्षा सरोय की रिपोर्ट :-
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के सबसे बड़े उपनगर संजौली में निरंतर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका एक बड़ा कारण इस क्षेत्र में पार्किंग की कमी है। इस वजह से सड़कों के किनारे बेतरतीब वाहन पार्क किए जाते हैं, शनिवार को भी यहां ऐसी स्थिति बनी रही। जगह-जगह पर सड़क के किनारे वाहन पार्क किए गए थे।
हालत यह है कि सड़क के दोनों ओर वाहनों के पार्क होने के कारण अब यातायात भी प्रभावित हो रहा है। यहां चार हजार से ज्यादा वाहन हैं जबकि पार्किंग सुविधा करीब 400 वाहनों के लिए है। क्षेत्र में नवबहार चौक से संजौली चौक, संजौली कॉलेज और ढली बाईपास सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग रही हैं। संजौली छह वार्डों का केंद्र है। बड़ा बाजार होने के कारण यहां से दूसरे क्षेत्रों के मुकाबले ज्यादा वाहन आवाजाही करते हैं। यही वजह है कि नवबहार से संजौली चौक और संजौली महाविद्यालय तक सड़क किनारे वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। यहां वाहन मालिक भी वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित रहते हैं लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूर हैं।
विज्ञापन
लोग बोले कि क्षेत्र में पूरा दिन ट्रैफिक जाम लगता रहता है और वीकेंड पर तो स्थिति और बदतर हो जाती है। यहां पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी हर समय खतरा बना रहता है। वहीं सड़क के किनारे बनी दुकान संचालक भी इस समस्या से खासे परेशान है। कारोबारियों का कहना है कि दुकानों के सामने भी वाहन पार्क किए जाते हैं जिसकी वजह से परेशानी झेलनी पड़ती है।
कोट
नगर निगम करे समाधान
क्षेत्र में पार्किंग एक गंभीर समस्या है। क्षेत्रवासियों को पार्किंग की कमी के कारण मजबूरन वाहन सड़क किनारे पार्क करने पड़ते हैं। नगर निगम को इस समस्या का हल करना चाहिए। - सरिता चौरटा, स्थानीय निवासी
पार्किंग की है भारी कमी
क्षेत्र में सिर्फ एक पार्किंग है और हजारों की संख्या में वाहन हैं। ऐसे में यह पार्किंग पर्याप्त नहीं है। इसकी वजह से स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगर निगम को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।
बनाई जा रही है नई पार्किंग संजौली चौक के सेंट जेवियर के पास नई पार्किंग का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पार्किंग में सैकड़ों वाहनों को सुविधा मिलेगी। - अंकुश, पार्षद, इंजनघर वार्ड