डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले दो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों और तीन मिडल स्कूलों का दर्जा घटाने पर पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस नेता आशा कुमारी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को पत्र लिखकर और सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि इन स्कूलों को दोबारा अधिसूचित किया जाएगा। पत्र में डलहौजी के सरार, ग्रेगेट, झोड़ा, लुडेर और प्रियुगल स्कूल का दर्जा बहाल करने की मांग की है। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जनजातीय क्षेत्र के स्कूलों का दर्जा न घटाने की मांग की थी।
पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने कहा कि हिमाचल में कुछ स्कूल संभवतया विद्यार्थियों की संख्या में गलतफहमी की वजह से डिनोटिफाई हुए हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट डालकर लिखा है कि उन्हें उम्मीद है कि इसके सकारात्मक नतीजे आएंगे। उन्होंने शिक्षा मंत्री को लिखी चिट्ठियां भी साझा की हैं, जिसमें डिनोटिफाई किए स्कूलों के नाम लिखे हैं। आशा कुमारी ने तर्क दिया है कि स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या सही होने के बाद भी इन स्कूलों को डिनोटिफाई करना कदापि न्यायोचित नहीं है। बहरहाल, उन्होंने शिक्षा मंत्री को बाकायदा पत्र लिखकर डिनोटिफाई किए गए विद्यालयों को पुनः अधिसूचित करने की बात कही है। संवाद