पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध बीड़ बिलिंग घाटी में हवन और मंत्र उच्चारण के बाद प्री वर्ल्ड कप प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। एचपीटीडीसी के चेयरमैन आरएस बाली ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आरएस बाली ने कहा कि देश की सबसे बड़ी प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश में हो रही है और यह प्रदेश के लोगों के लिए एक सुखद अहसास है। आपदा से बाहर निकाल कर अब प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को पटरी पर लाने के लिए सरकार प्रयास रहता है और पर्यटन विभाग में भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को थल, वायु के अतिरिक्त जल में भी बढ़ाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश में पहली बार पर्यटन विभाग के बजट में 10 गुना वृद्धि कर वार्षिक बजट को 50 करोड़ से साढ़े 500 करोड़ किया गया है। कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का निर्णय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता का प्रमाण है। मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने में प्रयासरत हैं और बिलिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस देश की सबसे बड़ी प्रतियोगिता से इस प्रयास को और बल मिलेगा।
बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रतियोगिता में 33 देश के 180 पायलटों ने प्रतियोगिता के लिए आवेदन किया है और इनमें से 130 के करीब पायलटों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्री वर्ल्ड कप के बाद वर्ल्ड कप के लिए आवेदन किया जाएगा। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान ने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभाग पूरी तैयारी के साथ कार्य कर रहा है। इस मौके पर एसडीएम देवी चंद ठाकुर, डीएसपी पूरन चंद ठुकराल पूर्ण चंद ठुकराल, वीरेंद्र जमवाल, रविंद्र बिट्टू, बीपीए के प्रवक्ता अंकित सूद, सुलभ अवस्थी, राजेश शर्मा, रण विजय, अमित, पृथी करोटी, जमुना गोयल, विक्की, राजिंद्र परमार उपस्थित रहे।