पेपर लीक मामले में विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक और खुलासा किया है। नए खुलासे में भंग हो चुके हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग की निलंबित वरिष्ठ सहायक उमा आजाद की भांजी की परीक्षा भी संदेह के दायरे में है। उमा की बड़ी बहन की बेटी ममता उर्फ सोनिया ने भंग चयन आयोग के माध्यम से आयोजित पोस्ट कोड 939 की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण की हुई है। एसआईटी ने महिला अभ्यर्थी को विजिलेंस थाना हमीरपुर में पूछताछ के लिए तलब किया है।
पेपर लीक मामले में मुख्य सरगना उमा आजाद है। एसआईटी ने 23 दिसंबर 2022 को पोस्ट कोड 965 जेओए आईटी पेपर लीक का पर्दाफाश कर उमा आजाद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अभी तक छह विभिन्न पोस्ट कोड के तहत छह अलग-अलग एफआईआर में कुल सोलह लोगों को नामजद किया है जिसमें से चार लोग जमानत पर रिहा हो चुके हैं। शेष बारह आरोपी अभी तक न्यायिक हिरासत में हैं।
इन आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ी
पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी भर्ती परीक्षा मामले में दो चपरासी, चपरासी का बेटा और भतीजे समेत कुल चार आरोपियों, पोस्ट कोड 1003 कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती मामले में गिरफ्तार दलाल सोहन लाल, पोस्ट कोड 819 ट्रैफिक इंस्पेक्टर भर्ती मामले में आरोपी रवि कुमार, पोस्ट कोड 980 कला अध्यापक मामले में गिरफ्तार सुनीता देवी की न्यायिक हिरासत गुरुवार को खत्म होने पर एसआईटी ने इन सातों आरोपियों को फिर से हमीरपुर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने इन सभी सात आरोपियों की 26 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत बढ़ा दी है।
इनकी सुनवाई टली
मुख्य आरोपी उमा आजाद और दलाल संजीव कुमार की जमानत अर्जी पर गुरुवार को न्यायालय में होने वाली सुनवाई टल गई है। अब जमानत अर्जी पर 17 अप्रैल को सुनवाई होगी। पोस्ट कोड 939 जेओए आईटी भर्ती परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट्स से छेड़छाड़ के आरोपी चपरासी मदन लाल, उसके बेटे विशाल और भतीजे दिनेश कुमार ने भी अपने अधिवक्ता के माध्यम से जिला सत्र न्यायालय हमीरपुर में जमानत के लिए अर्जी लगाई थी, जिस पर बुधवार को सुनवाई नहीं हो पाई। अब इस मामले में भी 17 अप्रैल को सुनवाई होगी। एएसपी विजिलेंस रेणू शर्मा ने कहा कि निलंबित वरिष्ठ सहायक उमा आजाद की भांजी ने भी जेओए आईटी की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उमा और संजीव की जमानत अर्जी पर अब 17 अप्रैल को सुनवाई होगी। सात अन्य आरोपियों की न्यायिक हिरासत अदालत ने 26 अप्रैल तक बढ़ा दी है।