भोरंज (हमीरपुर)। अमर उजाला फाउंडेशन और पूर्व छात्र संघ भोरंज के सहयोग से वीरवार को मिनी सचिवालय भोरंज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 44 लोगों ने रक्तदान किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने की। इस दौरान एसडीएम ने खुद भी रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले लोगों को अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रमाण पत्र भेंट किए गए।
जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित खंड चिकित्सा अधिकारी भोरंज डॉ. ललित कालिया ने कहा कि रक्तदान महादान है। उन्होंने कहा कि रक्त शरीर में बनने वाली क्रिया है। रक्त देने से कोई नुकसान नहीं होता है। आपके द्वारा किया गया रक्तदान किसी को जीवन दान दे सकता है। इस मौके पर एसडीएम भोरंज संजय स्वरूप ने भोरंज स्कूल से आए विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व के बारे बताया गया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है। इससे किसी की भी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने इस इस पुण्य कार्य के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और पूर्व छात्र संघ भोरंज की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में इस प्रकार की संस्थाएं काफी योगदान दे रही हैं। भोरंज में अगला मिशन सफाई का रहेगा जिसमें स्कूल की एनएसएस इकाइयों की सेवाएं भी ली जाएंगी। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ भोरंज के प्रधान सुदेश कुमार, किशोर चंद आजाद, देवेंद्र सिंह ठाकुर, पुरुषोत्तम लाल, दिनेश संधू, विजय ठाकुर, पवन कुमार, आकाश, अखिलेश रांगड़ा, कश्मीर सिंह, पुरुषोत्तम, कैप्टन राकेश ठाकुर, सुनील डोड, सुनील कौंडल, सरिता, शबनम, डॉक्टर विजय और भोरंज स्कूल के एनएसएस इकाई के स्वयंसेवी भी उपस्थित रहे।
क्या कहते हैं पूर्व छात्र संघ के सदस्य
जनसेवा के मकसद से पूर्व छात्र संघ समय-समय पर इस तरह के शिविरों का आयोजन करता रहेगा। इसमें अमर उजाला का भी सहयोग लिया जाएगा।
सुदेश कुमार, प्रधान, पूर्व छात्र संघ
ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन और अमर उजाला के सौजन्य से यह शिविर सफल रहा। लोगों ने इस महादान में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
किशोर चंद आजाद, सदस्य, पूर्व छात्र संघ
पूर्व छात्र संघ का सदस्य होने के नाते रक्तदान करने आए लोगों का वह धन्यवाद करते है और अमर उजाला का सहयोग भी सराहनीय है। देविंद्र सिंह ठाकुर, सदस्य, पूर्व छात्र संघ
रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जिसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। रक्तदान करने से किसी की भी जिंदगी बचाई जा सकती है। पुरुषोत्तम लाल, रक्तदाता
यह पुण्य कार्य करने का मौका ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएसन और अमर उजाला की वजह से मिला। इसके लिए वह आभारी हैं।
कुलदीप चंद, रक्तदाता।