हिमाचल के चंबा में नकरोड़-बघेईगढ़ सड़क पर देहरोग के समीप वीरवार रात अज्ञात लोगों ने पाकिस्तान जिंदाबाद और आई लव पाकिस्तान का स्लोगन लिख दिया। इसे शुक्रवार सुबह मार्ग से गुजर रहे लोगों ने देखा और पढ़ा।
सड़क पर पाकिस्तान जिंदाबाद का स्लोगन पढ़ने के बाद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नकरोड़ पुलिस चौकी में दी। नकरोड़ चौकी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पूरी जांच-पड़ताल की, लेकिन लिखने वाले का पता नहीं लग पाया।
चौकी प्रभारी ने इस बारे में एसएचओ तीसा और डीएसपी सलूणी को जानकारी दी। डीएसपी सलूणी महिंद्र सिंह मिन्हास तीसा थाना की टीम लेकर दोपहर के समय देहरोग पहुंचे। उन्होंने स्लोगन लिखने वाले लोगों की तलाश करने को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। सड़क पर आई लव पाकिस्तान और पाकिस्तान जिंदाबाद का स्लोगन दिखाई देने से इलाके के लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया है।
पुलिस कर रही है छानबीन : एसपी
एसपी वीरेंद्र तोमर ने बताया कि तीसा में सड़क पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखने का मामला सामने आया है। पुलिस इस प्रकार के स्लोगन लिखने वाले की तलाश कर रही है। जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे। उसके बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।