ऑपरेशन सिंदूर करके बहुत बड़ा बदला लिया: बिंदल
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने जारी बयान में कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जिस तरह से हमारे देश की बहनों का सिंदूर उजाड़ा गया था। ऑपरेशन सिंदूर में भारत की तीनों सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर करके बहुत बड़ा बदला पाकिस्तान और आतंकवादियों से लिया है। हम तीनों सेनाओं के जांबाजों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद, जिस तरह से उन्होंने देश को दुनिया के सामने प्रस्तुत किया और ऑपरेशन सिंदूर को कामयाब किया। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठाैर ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकी शिविरों पर अद्वितीय सटीकता और बहादुरी के साथ हमला किया है। भारतीय सेना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब बात राष्ट्र की सुरक्षा की हो, तो भारत किसी भी हद तक जा सकता है।
कारगिल हीरो खुशाल ठाकुर बोले- पहलगाम घटना का भारत ने दिया करारा जवाब
कारगिल हीरो सेवानिवृत्त ब्रिगेडयर खुशाल ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति को सलाम करते हुए कहा कि 14 दिनों से प्रतीक्षा थी कि भारत किस तरह पहलगाम घटना का जवाब देगा। भारत ने करारा जवाब दिया है। भारत ने पूरी दुनिया व पाक को बताया कि आंतकवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नौ ठिकानों पर हमला किया गया। कमान सेंटर, नर्व सेंटर समेत ट्रेनिंग सेंटर को तबाह किया गया। इसमें सुनिश्चित किया गया कि नागरिक को टारगेट न किया जाए। कहा कि एयरफोर्स ने 1971 के बाद आईबी को क्रॉस करके कार्रवाई को अंजाम दिया है। कहा कि उम्मीद करता हूं कि पाकिस्तान को चुपचाप बैठना चाहिए। क्योंकि उसके पास न हिम्मत है और न कार्रवाई कर सकता है। फेस वैल्यू बचाने के लिए कुछ न कुछ करेगा। पीएम नरेंद्र मोदी के फैसले को हर कोई सराहना कर रहा है।
हिमाचल की जनता चट्टान की तरह देश की सेना व पीएम के साथ खड़ी: जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता चट्टान की तरह देश की सेना व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। केंद्र की ओर से जारी निर्देशों व इनपुट के अनुसार काम किया जाएगा। उन्होंने देश की सेना को आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल संयुक्त मोर्चा ऑफ एक्स सर्विसमैन ने ऑपरेशन सिंदूर को सराहा
संयुक्त मोर्चा ऑफ एक्स सर्विसमैन (जेसीओ एवं ओआर) हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन सेवानिवृत्त कैप्टन जगदीश वर्मा ने ऑपेरशन सिंदूर ने सराहना करते हुए कहा कि जवाबदेही भी तय करने की बात कही। क्योंकि पाक इस मामले में भी बालाकोट की तरह दलील दे रहा है। कहा कि पाकिस्तान का उग्रवाद को बढ़ावा देने के लिए चेहरा बेनकाब हो गया है। इसके सबूत व वीडियो भी सामने आए हैं। ऐसे में सीधे तौर पर पाक को भी सबक सिखाया जाना चाहिए।
पहलगाम के गुनहगारों को सजा देने का वादा पूरा: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तानी सीमा के अंदर आतंकी ठिकानों को नष्ट करने वाले ऑपरेशन सिंदूर की अपार सफलता पर कहा कि भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों को सजा देने का वादा पूरा कर पूरे देश को गर्व से भर दिया है। अनुराग ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने एक बार फिर दिखा दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी संप्रभुता, निजता, एकता व किसी भी भारत विरोधी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब देना जानता है और नए भारत की ऊर्जावान व भारतीय सेना ईंट का जवाब पत्थर से देने में सक्षम है। कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों द्वारा बेकसूर नागरिकों की निर्मम हत्या कर भारत की बेटियों-बहनों का सुहाग उजाड़ने की घटना ने 140 करोड़ भारतीयों को झकझोर दिया था। आज भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा के अंदर चल रहे आतंकी ट्रेनिंग कैंपों और उनके ठिकानों को ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत नेस्तनाबूद कर पूरे देश को गर्व से भर दिया है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से आतंक के आकाओं को मिट्टी में मिलाने, पहलगाम के गुनहगारों को चुन-चुन कर सजा देने का वादा पूरा हुआ।
हर्ष महाजन बोले- 25 मिनट में 24 मिसाइलों से नौ आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया
भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि भारतीय सेवा ने जिस प्रकार से आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया। उसके लिए केंद्र सरकार व सेना को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जवाब मिलेगा और करार मिलेगा और इस एक्शन से जवाब मिला है और करार मिला है। उन्होंने कहा कि 6 से 7 मई की दरमियानी रात को 1:05 बजे से लेकर 1:30 बजे तक सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। 25 मिनट के इस ऑपरेशन में 24 मिसाइलों के जरिये नौ आतंकी शिविरों को ध्वस्त कर दिया गया। इन नौ ठिकानों में से पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में थे, वहीं चार पाकिस्तान में थे। इन ठिकानों में आतंकियों को भर्ती किया जाता था। उन्हें प्रशिक्षित किया जाता था। उन्होंने कहा कि ठिकाने वो उड़ाए, जिसमें आतंकी थे। जिन आतंकवादी संगठनों ने भारत को चुनौती दी थी उनके घर में जाकर उनको मारा। यह आतंकी शिविर 2000 में शुरू हुआ था। पाकिस्तान की फौज और आईएसआई के अफसर अक्सर यहां आते थे।
ऑपरेशन सिंदूर से आतंक के अड्डों का सफाया: जम्वाल
भारतीय सेना की ओर से चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक नीति का प्रमाण है। यह बात भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कही। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के माध्यम से सेना ने न केवल पाकिस्तान के अंदर चल रहे आतंकी कैंपों को तबाह किया है, बल्कि पहलगाम हमले के दोषियों को उनके ही अड्डों में सजा देकर देश के 140 करोड़ लोगों की भावनाओं का सम्मान किया है। कहा कि ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत के धैर्य, शक्ति और संकल्प का प्रतीक है। देश को अपनी सेना और नेतृत्व पर गर्व
अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक : राणा
भारत ने पाकिस्तान में ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देकर आतंकी संगठनों के ठिकानों का खत्म कर दुनिया को अपनी ताकत बता दी है। यह अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक है। अब भारत दुनिया में कहीं भी घुसकर देश के दुश्मनों को खात्मा कर सकता है। देश को जब भी पूर्व सैनिकों को जरूरत होगी। हम तैयार बैठे हैं। -कर्नल वाईएस राणा, चेयरमैन, हिमाचल एक्स सर्विसमैन लीग
पाकिस्तान को सबक सिखाए भारत : जम्वाल
मैंने 1965 और 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। इन दोनों युद्धों में भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी, लेकिन पाक आज तक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। अब वक्त आ गया है कि पाकिस्तान को सही सबक सिखाया जाए। अब भारत को पाकिस्तान में आतंकी संगठनों को खत्म कर देना चाहिए। -कैप्टन राज सिंह जम्वाल, पालमपुर
शांता ने भारत सरकार को दी बधाई
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के लिए केंद्र सरकार और देश के लोगों को बधाई दी। कहा-इस समाचार से भारत ही नहीं, पूरे विश्व के करोड़ों लोग खुशी मना रहे होंगे। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि ठीक समय पर ठीक तरीके से ऑपरेशन हुआ और आतंकवादियों के अलावा किसी नागरिक को कोई नुकसान नहीं हुआ। रात के लगभग एक बजे जिन देशभक्त बहादुर भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान के आतंकवाद के अड्डों को नष्ट करने का कठिन काम किया है। उन सब जवानों को भी बहुत बधाई और उनका धन्यवाद। उन्होंने उन सब जवानों के परिवारों के लोगों को भी बधाई दी है। संवाद
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर ने देश को किया गौरवान्वित : राज्यपाल
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाया गया ऑपरेशन सिंदूर समूचे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस साहसिक कार्रवाई के माध्यम से भारतीय सेना ने उन आतंकवादियों को करारा जवाब दिया है, जिन्होंने हाल ही में हमारे निर्दोष नागरिकों की नृशंस हत्या की थी। राज्यपाल बिलासपुर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमें हमारी सेना पर गर्व है। यह बेहद गर्व की बात है कि हमारी सेना ने सीमा पार जाकर आतंक के अड्डों को निशाना बनाया और पाकिस्तान के किसी भी निर्दोष नागरिक को नुकसान पहुंचाए बिना इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। राज्यपाल ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि यह भारत की संप्रभुता, सामरिक क्षमता और आतंक के विरुद्ध उसकी अटल प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।
अब और सतर्क रहने की ज़रूरत : लेफ्टिनेंट कर्नल कालिया
जिला सैनिक बोर्ड के उपनिदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल एसके कालिया (सेवानिवृत्त) का कहना है कि यह तो होना ही था। जब परिस्थितियां काबू से बाहर होती हैं तो बड़ी योजना के तहत ऐसी कार्रवाई होती है। पाकिस्तान इसके लिए खुद ज़िम्मेदार है। भारतीय सेना और सरकार को बधाई। अब और सतर्क रहने की ज़रूरत है। इसका पलटवार हो सकता है। संवाद
भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब : कर्नल जोगिंदर
भारतीय सेना ने पहलगाम हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है। एक्स सर्विसमैन लीग के चेयरमैन कर्नल जोगिंदर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने पहलगाम में जो कायराना हरकत की थी, उसका भारत की फौज ने करारा जवाब दिया है। भारतीय सेना का पराक्रम और प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व आज फिर से सामने आया है। अपनी आत्मरक्षा के लिए यह ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खात्मे के लिए निर्णायक सिद्ध होगा।
पूर्व सैनिकों का जोश हाई-जो देश चाह रहा था, सेना ने कर दिखाया
छह और सात मई की रात को भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान के नौ आतंकी ठिकानों पर किए मिसाइल हमले से देशवासियों में खुशी की लहर है। वहीं सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों और जवानों का भी जोश हाई है। पूर्व सैनिकों का कहना है कि पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का सेना को बदला लेना था और अब देशवासियों के इस इंतजार को सेना ने खत्म कर दिया है। इस बारे में पूर्व सैन्य अधिकारियों ने अपनी राय रखी है।
जो देश चाह रहा था, सेना ने कर दिखाया
उन्हें पूरा विश्वास था कि भारतीय सेना पहलगाम में हुए हमले का बदला जरूर लेगी। पाकिस्तान द्वारा पाले जाने वाले आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करना बड़ी उपलब्धि है। देशवासी जो चाहते थे उसे सेना ने पूरा कर दिखाया है। ---पीएस कटोच, ऑनरेरी कैप्टन भारतीय सेना।
आतंकी हमले का सेना ने लिया बदला
भारतीय सेना आतंकियों के साथ ही पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देने में समक्ष है। बुधवार रात को सेना ने अपने पराक्रम को दिखा दिया है। 22 अप्रैल को पहलगाम में मारे गए 26 निर्दोष लोगों का सेना ने बदला ले दिया है और इसको लेकर देशभर में खुशी का माहौल है।-बालक राम शर्मा, ऑनरेरी सूबेदार मेजर, भारतीय सेना।