हिमाचल के सरकारी स्कूलों में सोमवार को करीब डेढ़ माह दोबारा से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो गई है। हर घर पाठशाला अभियान में सोमवार से विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु चलाने को बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से शिक्षण सामग्री भेजी गई। पहले दिन कई स्कूलों में कोरोना से बचाव को लेकर जागरूकता संदेश भेजकर पढ़ाई शुरू की गई। पहली से जमा दो के विद्यार्थियों की अब रोजाना व्हाट्सएप के माध्यम से क्लास लगाई जाएगी। बीस जुलाई से दूरदर्शन और रेडियो के माध्यम से पढ़ाई शुरू करवा दी जाएगी। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा और प्रारंभिक शिक्षा निदेशक रोहित जमवाल ने बताया कि बच्चे शिक्षकों से सवाल भी पूछ सकते हैं। व्हाट्सएप से ही शिक्षक बच्चों की शंकाएं दूर करेंगे।
बता दें कि 18 मई से सरकारी स्कूलों में छुट्टियां होने से ऑनलाइन पढ़ाई बंद कर दी गई थी। अब 12 जुलाई तक इस शैक्षणिक सत्र के कोटे की सभी छुट्टियां समाप्त हो गई हैं। ऐसे में सोमवार से सरकार ने ऑनलाइन पढ़ाई को शुरू करने का फैसला लिया है। सोमवार को ऑनलाइन पढ़ाई होने के पहले दिन विद्यार्थियों को कोरोना वायरस से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। परिजनों सहित आसपास के लोगों को भी इस संदर्भ में जागरूक करने के तरीकों से अवगत कराया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हर सप्ताह कोरोना वायरस से बचाव को लेकर जागरूक करने के लिए भी शिक्षण सामग्री भेजी जाती रहेगी।
विशेष बच्चों और जिनके पास फोन नहीं, उन्हें घर भेजे जाएंगे नोट्स
ऑनलाइन पढ़ाई से नहीं जुड़े विद्यार्थियों के घर अब नोट्स पहुंचाए जाएंगे। नौवीं से 12वीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु बनाए रखने को उच्च शिक्षा निदेशालय ने यह फैसला लिया है। विशेष बच्चों को भी घर में ही नोट्स दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार से ऐसे विद्यार्थियों की पहचान शुरू कर दी गई है। सभी प्रधानाचार्यों को ऐसे विद्यार्थी चिह्नित करने के आदेश जारी किए गए हैं।