हिमाचल के सिरमौर जिले की कमरऊ पंचायत के शालना गांव में शुक्रवार सुबह एक शादी समारोह के दौरान दो मंजिला मकान के लेंटर का छज्जा टूटने से चार लोग नीचे गिर गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में दाखिल किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। डीएसपी पांवटा सोमदत्त ने बताया कि शालना गांव में शादी समारोह चल रहा था।
सुबह बरात को जाते देखने के लिए कुछ लोग समीप के ही एक मकान के लेंटर पर खड़े हो गए। फतेह सिंह के दो मंजिला मकान का छज्जा टूट गया, जिससे वहां खड़ी दो महिलाएं और बच्चे नीचे गिर गए। चारों को तुरंत ग्रामीण पांवटा अस्पताल लेकर गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने शिवकांडो निवासी सत्या देवी को मृत घोषित कर दिया। नारायणी देवी, काव्यांश और काव्य शर्मा को चोटें आई हैं। तहसीलदार कमरऊ मनमोहन जिष्टु ने पांवटा अस्पताल जाकर मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत दी, जबकि घायलों को पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं।