चैलचौक बाढू सड़क पर बाढू के समीप जखी नाला में वीरवार देर रात एक स्कूटर के अनियंत्रित होकर गहरे नाले में लुढ़क जाने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र हेमराज निवासी बाढू के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घटना स्थल पर जाकर शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार वीरवार को घर से स्कूटर पर कहीं गया था। वह रात को जब घर वापस आ रहा था तो उसका स्कूटर जखी नाला के पास गहरी खाई में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। रात को नाले में अंधेरा होने के कारण उसका किसी को पता नहीं लगा। शुक्रवार को जब रजोट गांव का लेखराज बाढू से पैदल अपने घर जा रहा था तो जखी नाला पार करते हुए उसकी नजर खाई में गिरे युवक पर पड़ी।
जिसके बाद उसने ग्रामीणों को बुलाया और तब बाढू निवासी मुकेश की मौत होने की खबर फैल गई। स्थानीय पंचायत उप प्रधान भीम सिंह ठाकुर ने बताया कि युवक की मौत से बाढू गांव में मातम छा गया है तथा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एसएचओ गोहर लाल सिंह ने सड़क हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस सड़क हादसे की जांच कर रही है।