हरोली क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में ब्रेक फेल होने से तेल का टैंकर पलट गया। इससे टैंकर में आग लग गई। टैंकर की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत हो गई है, जबकि छह लोग घायल हो गए हैं। घटना में दो मोटरसाइकिल और एक कार भी जलकर राख हो गई है। जबकि छह के करीब अन्य वाहनों और करीब 12 दुकानें आग की चपेट में आई हैं।
जानकारी के अनुसार, लालूवाल से टाहलीवाल की ओर एक तेल से भरा टैंकर आ रहा था। टैंकर की ब्रेक फेल होने के कारण ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया। इससे उतरा में टैंकर तेज रफ्तार से बाजार की ओर आ गया और बाजार में पलट गया। रास्ते में आते समय कई राहगीरों को अपनी चपेट में लिया। इससे राहगीरों को भी गंभीर चोटें आई। बिस्कुट फैक्ट्री में काम करने वाले सुभाष चंद्र निवासी पंजाब भी टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई।
तेल से भरे टैंकर के पलटने के बाद उसमें आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानें और वाहनों को अपनी चपेट में लिया। आग इतनी भयंकर थी, उससे उठाने वाले काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा रहा था। टैंकर से तेल रिसाव पास में ही बाजार के मुख्य नाले से होता हुआ ट्रक यूनियन के कार्यालय तक पहुंचा। इससे नाला भी आग उगलने लगा। दमकल विभाग टाहलीवाल, ऊना और नंगल की लगभग आधा दर्जन गाड़ियों की मदद से कड़ी मशकत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि रविवार होने के कारण बाजार में चहल-पहल कम थी और ज्यादातर दुकानें बंद थी नहीं तो इस हादसे के कारण बहुत नुकसान हो सकता था। हादसे में मृतक की पहचान सुभाष चंद्र निवासी गांव गगजिंदवड़ी पंजाब के रूप में हुई है। इसके अलावा अनूप कुमार यूपी, रमेश कुमारी डल्लेवाल पंजाब, अनिता निवासी सलोह, राजीव, नीरज, दो वर्षीय रोहन प्रीत निवासी जटपुर टाहलीवाल को जगदेव अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद हरोली अस्पताल को रेफर किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के ओएसडी विक्रांत, एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर, पवन ठाकुर, पूर्व जिला परिषद सुमन ठाकुर, एएसपी संजीव भाटिया, रामकुमार, जिला परिषद कमल सैनी, लखवीर लखी ने मौके पर जायजा लिया।
करीब 55 लाख रुपये का नुकसान
अग्निशमन चौकी प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि हादसे में लगभग 54 लाख 74 हजार का नुकसान हुआ और करोड़ों रुपये की संपत्ति को बचा लिया है। इस हादसे में दो मोटरसाइकिल और एक ऑल्टो कार जलकर खाक हुई और आधा दर्जन के करीब अन्य वाहन को नुकसान हुआ और एक दर्जन के करीब दुकानें आग की चपेट में आईं।