बर्फ के बीच सैलानियों ने की मस्ती
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में रविवार दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदली। दोपहर बाद 13,050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रा, कोकसर और अटल टनल रोहतांग के उत्तरी क्षेत्र में बर्फ के हल्के फाहे गिरे। बर्फ के बीच सैलानियों ने मस्ती की। इसके साथ ही मनाली व कुल्लू में हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश के बीच तेज हवाओं का दौर भी खूब चला।
हालांकि मनाली और केलांग के बीच वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चलती रही। वहीं, मौसम विज्ञान विभाग शिमला के अनुसार नौ अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, जबकि 10 से 13 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर वर्षा और हिमपात होने के आसार हैं। 10 से अधिक अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी आने की संभावना है। रविवार को केलांग में न्यूनतम तापमान -1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।