सरवरी एमआरएफ साइट में लगी आग
जिला मुख्यालय में सरवरी स्थित नगर परिषद की एमआरएफ साइट में शुक्रवार सुबह आग लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। डंपिंग साइट नहीं होने के कारण एमआरएफ साइट में कूड़े के ढेर लगे थे। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं कूड़े के ढेरों में अचानक लगी आग को लेकर कई तरह की चर्चाओं का माहौल है।
सोल बनेहड़ में आग लगने से गोशाला जलकर राख
कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र की सोल बनेहड़ पंचायत अपर लंबागांव-सरालपट सड़क किनारे गुरुवार रात अमर सिंह की स्लेटपोश गोशाला में आग लग गई। इसके चलते पशुशाला व पशुशाला के अंदर रखी घास जलकर राख हो गई। आसपास के लोगों ने जैसे ही पशुशाला से आग की लपटें निकलती देखीं तो शोर मचाना शुरू किया। इसके बाद लोग इकट्ठा हो गए और आग बुझाने में लग गए। दूसरी ओर जयसिंहपुर अग्निशमन विभाग को भी सूचना दे दी। जब लोग आग बुझा रहे थे तो अग्निशमन विभाग जयसिंहपुर की टीम व पुलिस प्रशासन लंबागांव की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
2023 में दो स्कूटियों व एक बाइक को जलाया
गौरतलब है कि 23 जुलाई, 2023 की रात इसी सड़क के किनारे शरारती तत्वों की ओर से दो स्कूटियों व एक बाइक को जला दिया था। 24 नवंबर, 2023 की रात इसी सड़क के किनारे खड़े किए गए एक ट्राले को जलाने की कोशिश की गई थी। 31 दिसंबर 2023 को इसी सड़क पर स्कूटी को जलाने की कोशिश की गई थी। 18 जनवरी को इसी सड़क पर शरारती तत्वों की ओर से एक सोलर लाइट की बैटरी को पूरी तरह जला दिया गया था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज करके अपनी कार्रवाई आरंभ कर दी है। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एसएचओ अशोक कुमार ने की है।
दिवाली की रात धलवाड़ी में लगी आग, स्लेटपोश मकान जलकर राख
चिंतपूर्णी के निकट धलवाड़ी में दीपावली की रात 10 बजे के करीब एक स्लेटपोश मकान में आग लग गई। देखते ही देखते वार्ड नंबर चार के बालकिशन का ये पुराना मकान आग की भेंट चढ़ गया। आग का पता लगते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की और चिंतपूर्णी दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। इससे समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा साथ लगते रिहायशी मकानों व पशुशालाओं तक आग पहुंच सकती थी। आग से दो लाख का नुकसान हुआ है और आग किसी पटाखे की चिंगारी से लगी या कैसे लगी अभी तक इसका पता नहीं लग पाया है।