एचपीयू में दस करोड़ से बनेगा एलुमनाई भवन
विवि के पूर्व छात्र संघ के 21 अगस्त को प्रस्तावित सम्मेलन पर होगा शिलान्यास
भवन में एक ऑफिस और सम्मेलन कक्ष भी बनेगा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल विश्वविद्यालय में पूर्व छात्र संघ (एचपीयू एलुमनाई एसोसिएशन) करोड़ों की लागत से एक आलीशान भवन बनाएगा। इसके लिए जगह का चयन किया जा चुका है। भवन के निर्माण पर करीब दस करोड़ रुपये खर्च होंगे।
भवन में एक ऑफिस, सम्मेलन कक्ष, बहुउद्देशीय हाल, ठहरने के लिए दस कमरों की सुविधा के साथ पार्किंग भी बनाई जाएगी। भवन के निर्माण कार्य का 21 अगस्त को शिलान्यास करवाने की तैयारी है। 21 अगस्त को ही पूर्व छात्र संघ का विश्वविद्यालय सभागार में कार्यक्रम भी होने वाला है।
भवन निर्माण विश्वविद्यालय की भूमि पर होगा। इसके निर्माण का खर्च विवि के पूर्व छात्रों की ओर से मिलने वाली सहयोग राशि से किया जाएगा। दस करोड़ के इस प्रोजेक्ट के बनने पर इसका उपयोग सिर्फ पूर्व छात्र ही नहीं बल्कि विश्वविद्यालय भी कर सकेगा। यह संपत्ति विश्वविद्यालय की ही मानी जाएगी। भवन निर्माण के लिए विश्वविद्यालय के बिजनेस स्कूल के पास और विवि औषधालय के पीछे जगह चिह्नित की है।
सोशल मीडिया पर एचपीयू पूर्व छात्र संघ अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से पूर्व छात्रों को जोड़कर इस प्रोजेक्ट और एसोसिएशन की गतिविधियों के लिए अंशदान की अपील कर रहा है। संघ के 500 लाइफ टाइम सदस्य पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें सरकारी और निजी क्षेत्र में उच्च पदस्थ अधिकारी शामिल हैं।
प्लेसमेंट और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का होगा आयोजन
विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष प्रो. पीके आहलुवालिया ने कहा कि विवि में अनुमानित दस करोड़ खर्च कर एलुमनी भवन का निर्माण किया जाएगा। इसकी 21 अगस्त को आधारशिला रखी जाएगी। भवन का उपयोग विश्वविद्यालय में पढ़ रहे छात्रों की प्लेसमेंट और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के साथ ही रोजगार के संबंधित गतिविधियों के लिए किया जाएगा। इसमें निजी और सरकारी क्षेत्रों में ऊंचे पदों पर सेवारत अधिकारियों को बुलाया जाएगा।