विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला, टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा, पीजीआई चंडीगढ़ जैसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में जाना पड़ता था। मरीजों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में नए विभागों की स्थापना और आवश्यक चिकित्सकों व स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। टांडा, हमीरपुर और नेरचौक के मेडिकल कॉलेजों में तीन टेस्ला एमआरआई मशीनें लगाई जा रही हैं। आईजीएमसी में मौजूदा एमआरआई मशीन 19 साल से अधिक पुरानी है, जिसे भी शीघ्र बदला जाएगा। शिमला जिला के चमियाना अस्पताल के साथ-साथ सभी मेडिकल कॉलेजों, जोनल और क्षेत्रीय अस्पतालों को आधुनिक मशीनों से लैस किया जा रहा है। राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के लिए प्रोफेसर से लेकर रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर तक के पद भरेंगे
मेडिकल कॉलेज नेरचौक में न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग की स्थापना के बाद इसके सुचारु कार्यान्वयन के लिए प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर, न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजिस्ट और रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर के पद सृजित कर भरे जाएंगे। इसके अलावा नाहन मेडिकल कॉलेज में पैथोलॉजी विभाग में इम्यूनोहेमेटोलॉजी और ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद भरने को भी सरकार ने मंजूरी दी है।