हिमाचल प्रदेश विश्व द्वारा की गई फीस बढ़ोतरी का एनएसयूआई भी विरोध करेगी। कांग्रेस पार्टी के फ्रंटल संगठन माने जाने वाले एनएसयूआई ने भी इस मुद्दे पर ‘सरकार’ को घेरने का ऐलान किया है।
छात्र हित को सर्वोपरि मानते हुए एनएसयूआई अब संघर्ष का रास्ता अपनाएगी। बिलासपुर में चल रहे एनएसयूआई के ट्रैनिंग कैंप में नए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने पहुंचे एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोजी एम जॉन ने इसका खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि छात्र हित के लिए हर कदम उठाए जाएंगे।
बिलासपुर शहर में स्थित किसान भवन में इन दिनों एनएसयूआई का राज्य स्तरीय ट्रैनिंग कैंप चल रहा है। शनिवार को पंजीकरण के बाद रविवार को कई सेशन आयोजित करते हुए नए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया गया।
इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोजी एम जॉन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनका कार्यक्रम व्यस्त होने के कारण हालांकि वह मीडिया से मुखातिब नहीं हो सके। लेकिन, मार्किट कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विवेक कुमार के माध्यम से उन्होंने मीडिया से दूरभाष पर जरूर संपर्क किया।