किसानों को डीबीटी के माध्यम से मिलता है अनुदान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिला शिमला में राजीव गांधी प्राकृतिक खेती किसान खुशहाल योजना के तहत खेती कर रहे किसानों को अब सरकार द्वारा हिम परिवार से जोड़ा रहा है। इससे भविष्य में किसानों को हर योजना का लाभ उठाने में मदद मिलेगी।
प्रदेश में जितनी भी किसान कल्याणकारी योजनाएं सरकार द्वारा चलाई जा रही हैं उनका अनुदान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से किसानों के खाते में तभी संभव होगा यदि वह किसान हिम परिवार से जुड़े होंगे। कृषि विभाग के तहत आत्मा परियोजना जिला शिमला की ओर से विभिन्न योजनाओं के तहत पूरे जिले के 13 विकास खंडों और 412 पंचायतों में प्राकृतिक खेती करवाई जा रही है। इसमें प्राकृतिक खेती किसान खुशहाल योजना के तहत किसानों को देसी गाय के लिए 25,000, गोशाला का फर्श बनाने के लिए 8,000 और ड्रम के लिए अधिकतम 2,250 रुपये का अनुदान दिया जाता है। इसके अलावा शिमला में नेशनल मिशन ऑन नैचुरल फॉर्मिंग के तहत 50 क्लस्टर खोले हैं जिसमें 6,720 किसानों को लाभान्वित किया है।
विज्ञापन
आत्मा परियोजना के तहत किसानों की ट्रेनिंग, गोष्ठी, एक्सपोजर विजिट भी करवाए जाते हैं। आत्मा परियोजना के निदेशक देवीचंद कश्यप ने बताया कि किसानों को हिम परिवार से जोड़ने लिए आत्मा परियोजना शिमला के तहत हर ब्लॉक में काम किया जा रहा है। इसके लिए पहले ई-केवाईसी करना आवश्यक है, यदि किसी भी किसान का ई-केवाईसी नहीं हुआ है तो ब्लॉक में जाकर बीटीएम का सहयोग लेकर अपना ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
ऐसे करें ई-केवाईसी
हिम परिवार में केवाईसी करने के लिए किसान को प्रदेश सरकार के पोर्टल himparivar.hp.gov.in या ई-कल्यान पोर्टल का उपयोग करना होगा। इसके लिए आधार कार्ड का होना अनिवार्य है। किसान अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र पर जाकर या स्वयं ऑनलाइन वेबसाइट पर आधार ई-केवाईसी विकल्प के माध्यम से ओटीपी या बायोमेट्रिक का उपयोग करके डेटा अपडेट कर सकते हैं। इसके बाद हिम परिवार की वेबसाइट पर जाकर ई-केवाईसी अनुभाग चुनें। इसमें अपने परिवार के सदस्यों का विवरण आधार कार्ड के अनुसार दर्ज करें। आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के माध्यम से या बायोमेट्रिक डिवाइस के द्वारा सत्यापन पूरा करें। इसके बाद अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र पर जाकर आवश्यक दस्तावेज जिसमें आधार कार्ड, परिवार के सदस्यों का विवरण देकर ई-केवाईसी करवाएं।