हिमाचल में हिमफेड अब जीवनरक्षक दवाइयों की बिक्री करने की तैयारी में है। अभी तक हिमफेड केवल खाद और कार्टन आदि की बिक्री कर ही कमाई करता रहा है, लेकिन अब दवाइयों की बिक्री में भी हाथ आजमाना चाहता है। हिमफेड के कारोबार का विस्तार करने को बोर्ड की बैठक में दवा लाइसेंस के लिए सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है।
पहले चरण में मंडी और बिलासपुर जिलों में दवाइयां बेची जाएंगी। सरकार के पास प्रस्ताव भेजा गया है कि हिमफेड को दवाएं बेचने के लिए नागरिक आपूर्ति निगम की तर्ज पर दवाएं बेचने की अनुमति दी जाए। हिमफेड ने मंडी और बिलसापुर में दवाएं बेचने को इसलिए चुना है, क्योंकि मंडी में मेडिकल कॉलेज और बिलासपुर में नया एम्स खोला जाना है।
क्या कहते हैं हिमफेड के चेयरमैन
हिमफेड के चेयरमैन गणेश दत्त ने कहा कि निदेशक मंडल की बैठक में फैसला लिया गया है कि बिलासपुर और मंडी में जीवनरक्षक दवाओं की बिक्री शुरू की जाए। इससे हिमफेड के कारोबार में विस्तार भी होगा। हिमफेड ने सरकार के पास दवाएं बेचने को लाइसेंस के लिए प्रस्ताव भेजा है। सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।