हिमाचल के पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत दी गई है। 75 साल से ज्यादा उम्र के पूर्व सैनिक अब सीधे मिलिट्री अस्पताल जाकर अपना उपचार करवा सकेंगे। पहले इन्हें मिलिट्री अस्पताल में इलाज कराने के लिए ईसीएचएस पॉली क्लीनिकों से रेफर होना पड़ता था।
इस सुविधा का लाभ पूर्व सैनिकों के अलावा उनके आश्रितों पत्नी, माता-पिता को भी मिलेगा। मिलिट्री अस्पताल में उपचार में भी इन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि अब केवल 75 वर्ष से नीचे के पूर्व सैनिकों व आश्रितों को ही पॉली क्लीनिक से रेफर लिखवाना होगा।
75 से अधिक उम्र के पूर्व सैनिक सीधे मिलिट्री अस्पताल जा सकेंगे। इससे जहां इन लाभार्थियों के समय की बचत होगी, वहीं दस्तावेजों संबंधी प्रक्रिया से भी छुटकारा मिलेगा।
ईसीएचएस पॉली क्लीनिक हमीरपुर के ऑफिसर इंचार्ज कर्नल कृष्ण चंद का कहना है कि ईसीएचएस सेंट्रल ऑर्गेनाइजेशन ने 75 वर्ष से अधिक के पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को रेफरल के बिना ही मिलिट्री अस्पतालों में जाने की छूट दी है।