केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का बतौर राज्यसभा सांसद कार्यकाल आगामी दो अप्रैल को पूरा हो जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इस खाली होने जा रही सीट के द्विवार्षिक चुनाव 2018 की घोषणा कर दी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा है कि भारतीय निर्वाचन आयोग इस सीट के चुनाव की अधिसूचना 5 मार्च 2018 को जारी करेगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 12 मार्च, नामांकन पत्रों की संमीक्षा तिथि 13 मार्च जबकि नाम वापस लेने की तिथि 15 मार्च 2018 निश्चित की गई है।
मतदान 23 मार्च 2018 को सुबह 9 बजे से सांय 4 बजे तक होगा। मतों की गणना उसी दिन सायं पांच बजे की जाएगी। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया 26 मार्च 2018 को पूरी होगी।
राज्यसभा के द्विवर्षीय निर्वाचन के लिए सामान्य श्रेणी के उम्मीदवार को जमानत के रूप 10 हजार रुपये जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार को 5 हजार रुपये की जमानत राशि रिटर्निग अफसर के पास जमा करवानी होगी।
मतदान हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के डॉ. वाईएस परमार पुस्तकालय हाल में होगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) जीसी नेगी को रिटर्निंग अधिकारी और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अपर सचिव देवेंद्र वर्मा को सहायक रिटर्निंग अफसर पदाभिहित किया गया है।