पुलिस कार्रवाई में फंसे अधिकतर सैलानी
पुलिस लाउडस्पीकर से देती रही मास्क पहनने की हिदायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। ओमिक्रॉन वैरिएंट के खतरे के बीच नए साल की पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक रिज मैदान सैलानियों से खचाखच भरा रहा। शुक्रवार को रिज मैदान और मालरोड पर कोरोना नियमों का उल्लंघन करने करने पर शिमला पुलिस ने 106 लोगों के चालान काटे।
यह लोग बिना मास्क के घूम रहे थे। हर एक व्यक्ति से पांच सौ रुपये तक का जुर्माना वसूला गया। इस दौरान पुलिस टीमें दिनभर लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से मास्क लगाने और 2 गज दूरी रखने की हिदायतें देते रहे।
मालरोड से कंट्रोल रूम की अलग-अलग टीमें सुबह से ही लोगों को मास्क लगाने के निर्देश देती रही। दोपहर तक रिज मैदान पर्यटकों से खचाखच भर गया। इसके बाद सदर थाने पुलिस की टीमों ने कोरोना नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 51 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
नए साल के जश्न में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स के जवान भी लोगों को मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की हिदायतें देते रहे। लोअर बाजार, गंज बाजार, राम बाजार, सब्जी मंडी में भी लोगों की भीड़ उमड़ी रही। लोअर बाजार में रास्तों में अतिक्रमण करने वालों पर भी पुलिस का डंडा चला। इसमें चार विक्रेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।